''अपूरणीय क्षति '' : सोबर्स के निधन पर शोक में डूबा क्रिकेट जगत
मोना
- 17 Jul 2026, 10:58 PM
- Updated: 10:58 PM
नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स के निधन के साथ क्रिकेट जगत शोक में डूब गया और दुनिया भर के मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों ने उनके निधन को 'अपूरणीय क्षति' बताते हुए उन्हें श्रृद्धांजलि दी है ।
दुनिया के महानतम क्रिकेटरों में शुमार सर गैरी सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में बारबाडोस में शुक्रवार को निधन हो गया ।
उनके निधन पर क्रिकेट जगत ने सोशल मीडिया पर शोक जताया है ।
आईसीसी : महानतम क्रिकेटरों में से एक , सर गारफील्ड सोबर्स का निधन । उनके परिवार, दोस्तों और वेस्टइंडीज क्रिकेट के प्रति हमारी संवेदना । आईसीसी 'हाल आफ फेमर' को विदाई ।
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह : सर गारफील्ड 'गैरी' सोबर्स के निधन से दुखी हूं । विश्व क्रिकेट की कद्दावर हस्ती और खेल के लीजैंड । उनकी अतुल्य उपलब्धियां और खेल को अपार योगदान ने क्रिकेटरों की कई पीढियों को प्रेरित किया । उनके परिवार, बारबाडोस के लोगों और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समुदाय को मेरी संवेदनायें । आईसीसी ने उनके योगदान को देखते हुए बरसो पहले वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का पुरस्कार उनके नाम पर रखा । ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे ।
भारत के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली : क्रिकेट जगत की अपूरणीय क्षति । उस पीढी में उनका कौशल देखकर कई क्रिकेटर अपनी प्रतिभा का आकलन करते थे । नायाब खिलाड़ियों में से एक । ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे ।
भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री : मेरे जीवन के सबसे महान क्रिकेटर । बस उस दौर और योगदान को देख रहा हूं जिसका कोई सानी नहीं है । मेरे हीरो । ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे सर गैरी ।
भारत के पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर ने पीटीआई से कहा : मैने उन्हें कभी खेलते नहीं देखा लेकिन उनके बारे में कई कहानियां सुनी हैं। उनकी बल्लेबाजी की क्लिप्स देखी हैं और 1971 में उनकी बल्लेबाजी पर रिकॉर्ड की गई फिल्म देखी है । उनके टेस्ट रिकॉर्ड अद्भुत हैं । महानतम हरफनमौला । क्रिकेट जगत के लिये यह दुखद दिन है ।
चेन्नई में 1967 में ड्रॉ रहे टेस्ट में सोबर्स के खिलाफ खेलने वाले भारत के महान स्पिनर बी एस चंद्रशेख ने पीटीआई से कहा : मैने जितने बल्लेबाजों को गेंदबाजी की, उनमें वह महानतम थे । वह मेरी सारी विविधता भांप लेते थे और काफी आक्रामक थे । चेन्नई में उन्होंने दो अर्धशतक लगाकर वेस्टइंडीज को टेस्ट ड्रॉ कराने में मदद की । महानतम हरफनमौला । हम में से कइयों के लिये रोलमॉडल और हम खुशकिस्मत थे कि उनके खिलाफ खेलने का मौका मिला ।
भारत के महान बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण : खेल के एक सच्चे दिग्गज, जिनके असाधारण कौशल , शालीनता और खेल-भावना ने दुनिया भर में क्रिकेटरों की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया। उनकी विरासत हमेशा क्रिकेट के समृद्ध इतिहास का हिस्सा बनी रहेगी।
भारत के दिग्गज हरफनमौला युवराज सिंह : एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी सर गारफील्ड सोबर्स ने दुनिया को दिखा दिया कि महानता की कोई सीमा नहीं होती । वह विश्व क्रिकेट के लिये क्या मायने रखते हैं, यह शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता । उन्होंने मैदान पर ऐसे कारनामे किये जिनके बारे में अधिकांश खिलाड़ी सपना ही देख सकते हैं । उन्होंने पूरी विनम्रता, शालीनता और हर्ष के साथ ऐसा किया ।''
हरभजन सिंह : क्रिकेट जगत ने अपने नायाब नगीनों में से एक को खो दिया । सर गैरी सोबर्स एक लीजैंड से कहीं अधिक थे । वह महानता की परिभाषा थे जिन्होंने असाधारण कौशल और विनम्रता से कई पीढियों को प्रभावित किया । आप दुनिया भर के क्रिकेटप्रेमियों के दिलों में हमेशा अमर रहेंगे । आपको कभी भुलाया नहीं जा सकेगा ।
वैभव सूर्यवंशी : कभी सर गैरी सोबर्स को खेलते नहीं देखा लेकिन उनकी महानता के किस्से अपने पिता से सुनकर बड़ा हुआ हूं । हर पीढी के महानायक । ओम शांति।
भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक : हम यह सुनकर बड़े हुए कि सर गारफील्ड सोबर्स मैदान पर क्या कर सकते थे । जीनियस, प्रेरणास्रोत और खेल के असल लीजैंड । क्रिकेट समुदाय ने अपने सबसे बड़े नगीनों में से एक खो दिया ।
भाषा
मोना
मोना
1707 2258 दिल्ली