त्योहारी मांग से सभी तेल-तिलहन कीमतों में सुधार
अजय
- 16 Jul 2026, 09:32 PM
- Updated: 09:32 PM
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) रक्षाबंधन, जन्माष्टमी जैसे आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजार में मांग बढ़ने के बीच बृहस्पतिवार को देश के तेल-तिलहन बाजारों में सभी तेल-तिलहन के दाम मजबूत रहे तथा सरसों, सोयाबीन एवं मूंगफली तेल-तिलहन, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल के दाम में सुधार देखा गया।
शिकॉगो और मलेशिया एक्सचेंज में मजबूती का रुख है।
बाजार सूत्रों ने कहा कि देश में आगामी त्योहारों के लिए खाद्य तेलों की मांग अभी से बढ़ना शुरू हो गई है जो सभी तेल-तिलहनों में सुधार का मुख्य कारण है।
उन्होंने कहा कि साल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन (एसईए) के अनुसार जून में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले खाद्य तेलों का आयात घटा है। जो लोग खाद्य तेलों की महंगाई पर बयानबाजी करते थे, उनकी चिंताओं ने आज कहीं अधिक मुक्कमल ढंग से हमारे देश को आयात पर निर्भर बना दिया है जहां सूरजमुखी जैसे तिलहनों की खेती काफी कम रह गई है। सीधी बात है कि किसानों को उपज के अच्छे दाम मिलेंगे और बाजार में उनके खपने का वातावरण बनेगा तो किसान अपने आप उत्पादन बढ़ाने और आत्मनिर्भरता की राह पर देश को लाने की क्षमता से भरपूर हैं।
सूत्रों ने कहा मौजूदा समय में सरसों, सोयाबीन, कपास, मूंगफली जैसे तिलहनों के दाम न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से अधिक हैं। यह बेहतर दाम आज से लगभग 20 साल पहले से मिल रहा होता तो आज खाद्य तेल के लिए आयात पर निर्भरता की स्थिति संभवत: नहीं होती। सिर्फ खाद्य तेलों में महंगाई ढूंढ़ने वालों को मौजूदा स्थिति से आगे आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ने के लिए सबक लेना चाहिये। खाद्य तेलों की प्रति व्यक्ति खपत दूध, पनीर, दुग्ध उत्पादों जैसे बाकी उत्पादों के मुकाबले काफी कम होती है इसलिए खाद्य तेलों की मामूली तेजी को बढ़ा चढ़ाकर पेश नहीं किया जाना चाहिये।
उन्होंने कहा कि देश में सोयाबीन की आवक बहुत ही कम है। सरसों की भी आवक कम है। इस बीच, त्योहारी मांग बढ़ रही है। बिनौले की उपलब्धता नगण्य होती जा रही है। इसकी औद्योगिक मांग को मूंगफली पूरा कर रही है।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे।
सरसों तिलहन - 7,975-8,000 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली - 7,250-7,825 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) - 16,750 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल - 2,635-2,935 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 16,400 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,685-2,785 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,685-2,835 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,750 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,600 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,300 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 13,800 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 16,300 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,750 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 14,550 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना - 7,525-7,575 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 7,375-7,450 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
1607 2132 दिल्ली