फर्जी मैट्रिमोनियल वेबसाइट संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सरगना हिरासत में
खारी
- 15 Jul 2026, 11:07 PM
- Updated: 11:07 PM
सहारनपुर (उप्र), 15 जुलाई (भाषा) सहारनपुर जिले में पुलिस ने फर्जी मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए शादी कराने का वादा करके लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर उसके सरगना को हिरासत में लिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) व्योम बिंदल ने बताया कि सदर बाजार और साइबर अपराध थानों की एक संयुक्त टीम ने 'परफेक्ट रिश्ते प्रोप्राइटर' नाम से ऑनलाइन धोखाधड़ी होने की जानकारी मिलने पर 13 जुलाई को 'कोर्ट रोड' पर गिल कॉलोनी में एक जगह पर छापा मारा था।
उन्होंने बताया कि छापे के दौरान पुलिस को कई महिलाओं को कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए शादी के रिश्ते तय करने के बहाने संभावित ग्राहकों से बात करती मिलीं जिसके बाद 14 जुलाई को तीन महिलाओं को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद उन्हें उनके परिजन को सौंप दिया गया।
बिंदल ने बताया कि गिरोह के सरगना बताये जा रहे छत्तीसगढ़ के मुगेली निवासी सूरज मरावी को मंगलवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
उन्होंने कहा, ''मरावी ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि यह गिरोह संदीप नाम के व्यक्ति द्वारा बनाई गई वेबसाइट के जरिए संचालित किया जा रहा था। उसने बताया कि उसके कार्यालय में काम करने वाली नौ महिलाएं रिश्ते तलाश रहे ग्राहकों को फोन करती थीं और उन्हें वेबसाइट पर पंजीकरण कराने के लिए मनाती थीं और उनसे शुल्क लेती थी।''
पुलिस के अनुसार जब कोई ग्राहक दिलचस्पी दिखाता था तो गिरोह उनसे निजी जानकारी व पंजीकरण शुल्क मांगता था और अगर ग्राहक संभावित दुल्हन से बात करने या उनकी फोटो देखने के लिए कहते तो दफ्तर में काम करने वाली महिलाएं उनसे फोन पर बात करती थीं और इंटरनेट से डाउनलोड की गई फोटो को असली बताकर भेज देती थीं।
उसने बताया कि रकम मिलने के बाद ग्राहकों के नंबर ब्लॉक कर दिए जाते थे।
बिंदल ने बताया कि पुलिस को मौके से रसीद, पर्चे, मुहरें, 16 साधारण मोबाइल फोन, तीन स्मार्टफोन फोन, एक लैपटॉप, नौ मॉनिटर स्क्रीन, नौ कीबोर्ड, सात सीपीयू, सात कंप्यूटर माउस, एक बायोमेट्रिक उपकरण, एक वाई-फाई राउटर, एक लैंडलाइन फोन, 11 मोबाइल चार्जर, एक प्रिंटर और दो एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किये हैं।
उन्होंने कहा कि इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
भाषा सं सलीम खारी
खारी
1507 2307 सहारनपुर