भाजपा ने जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 बहाल करने की सोज की मांग को 'राष्ट्रविरोधी' बताया
माधव
- 15 Jul 2026, 09:51 PM
- Updated: 09:51 PM
नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 की बहाली की कांग्रेस नेता सैफुद्दीन सोज के मांग उठाने संबंधी सुझाव को बुधवार को ''राष्ट्रविरोधी'' करार दिया और कांग्रेस से कहा कि वह स्पष्ट करे कि उसके नेता की यह टिप्पणी क्या पार्टी का ''आधिकारिक रुख'' है या फिर उनके खिलाफ कार्रवाई करे।
भाजपा का यह बयान सोज के उस वक्तव्य के बाद आया है जिसमें उन्होंने बुधवार को कहा कि जम्मू कश्मीर में सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस को जंतर मंतर पर अपना विरोध प्रदर्शन जम्मू कश्मीर का केवल राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि पूर्ववर्ती राज्य के लिए अनुच्छेद 370 की बहाली की मांग भी उठानी चाहिए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सोज ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोगों का वास्तविक मुद्दा आंतरिक स्वायत्तता है और उन्हें अनुच्छेद 370 की बहाली के लिए संघर्ष करना चाहिए।
उन्होंने श्रीनगर में संवाददाताओं से कहा, ''हमारी युवा पीढ़ी को यह ध्यान रखना चाहिए कि हमने एक मुस्लिम बहुल राज्य होते हुए भी हिंदू बहुल भारत के साथ विलय किया था। उस समय शेख (मोहम्मद अब्दुल्ला) साहब ने यह उचित माना, उस समय भारत में आठ करोड़ मुसलमान थे।'''
उन्होंने कहा, ''अब भारत में 23-24 करोड़ मुसलमान हैं। इसलिए भारत के साथ बने रहने का हमारा फैसला सही था। लेकिन हमारी आंतरिक स्वायत्तता हमारी अपनी शर्तों पर निश्चित रूप से बहाल की जानी चाहिए।''
सोज की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने इसे ''राष्ट्रविरोधी'' करार दिया और कांग्रेस से स्पष्ट करने को कहा कि क्या उसके नेता की यह राय पार्टी का आधिकारिक रुख है।
भाजपा के राज्यसभा सदस्य त्रिवेदी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''ऐसा कैसे हो सकता है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपने चिर-परिचित रहस्यमयीत्र विदेश प्रवास से लौटें और उसके बाद कोई भारत-विरोधी बयान सामने न आए। उनके भारत की धरती पर कदम रखते ही कांग्रेस के बेहद वरिष्ठ नेता सैफुद्दीन सोज का अत्यंत निंदनीय, राष्ट्रविरोधी और आपत्तिजनक बयान सामने आ गया।''
त्रिवेदी ने कहा कि सोज ने टिप्पणी की है कि जम्मू कश्मीर को केवल राज्य का दर्जा ही नहीं, बल्कि अनुच्छेद 370 की बहाली भी चाहिए।
उन्होंने कहा, ''वह इससे भी आगे बढ़ गए और कहा, 'हमारा मुख्य लक्ष्य भारत में संप्रभुता है।' इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा, 'चूंकि हम मुस्लिम बहुल राज्य हैं, इसलिए हम अपनी शर्तों पर भारत के साथ रहेंगे।'' उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या यह पार्टी का ''आधिकारिक रुख'' है।
त्रिवेदी ने कहा, ''हम राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से स्पष्ट जवाब चाहते हैं। यदि कांग्रेस पार्टी इस बयान की स्पष्ट रूप से निंदा नहीं करती और सैफुद्दीन सोज के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती, तो यह माना जाएगा कि देश को तोड़ने की वकालत करने वाला उनका बयान कांग्रेस का आधिकारिक रुख है।''
इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जम्मू कश्मीर के लिए केवल राज्य का दर्जा ही नहीं, बल्कि अनुच्छेद 370 की बहाली भी चाहती है। उनका दावा था कि अनुच्छेद 370 की बहाली होने पर भारतीय संविधान पूरी तरह लागू नहीं होगा।
उन्होंने कहा, ''आईएनसी अब 'इंडियन नेशनल कांग्रेस (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस) नहीं, बल्कि 'इस्लामाबाद नेशनल कांग्रेस' है। कांग्रेस केवल राज्य के दर्जे की बात नहीं कर रही, बल्कि वास्तव में जम्मू कश्मीर के लिए अलग पहचान की बात कर रही है और पाकिस्तान के रुख को दोहरा रही है।''
पूनावाला ने आरोप लगाया कि सोज ने ''पूर्व में अफजल गुरु और बुरहान वानी का समर्थन किया था'' और वह एक बार फिर पाकिस्तान के हितों के अनुरूप काम करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ''सैफुद्दीन सोज ने इसे साबित कर दिया है। उन्होंने पहले अफजल गुरु और बुरहान वानी का समर्थन किया था। वह कहते हैं कि राज्य के दर्जे को भूल जाइए, हम अनुच्छेद 370 की बहाली चाहते हैं।''
पूनावाला ने कहा, ''अनुच्छेद 370 की बहाली का मतलब है कि संविधान लागू नहीं होना चाहिए। इसका मतलब है कि दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों को आरक्षण नहीं मिलेगा।''
उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 की बहाली का अर्थ होगा कि सूचना का अधिकार (आरटीआई) कानून और अन्य महत्वपूर्ण कानून लागू नहीं होंगे।
पूनावाला ने आरोप लगाया, ''इसका मतलब है कि वे पाकिस्तान के हित के अनुरूप काम करना चाहते हैं, जो लोकतंत्र और विकास के बजाय पाकिस्तानपरस्ती और पत्थरबाजी चाहता है।''
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर बार-बार पाकिस्तान के कथित रुख को दोहराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ''कांग्रेस ने हर मुद्दे पर पाकिस्तान के रुख को दोहराया है, चाहे वह सर्जिकल स्ट्राइक हो या ऑपरेशन सिंदूर। एक बार फिर वह वही कर रही है। इसलिए कांग्रेस 'इंडियन नेशनल कांग्रेस' नहीं, बल्कि 'इस्लामाबाद नेशनल कांग्रेस' है।''
भाषा अमित माधव
माधव
1507 2151 दिल्ली