वायनाड भूस्खलन: सरकार ने जांच का दिया भरोसा
नरेश
- 10 Jul 2026, 02:35 PM
- Updated: 02:35 PM
वायनाड (केरल), 10 जुलाई (भाषा) केरल सरकार ने शुक्रवार को वायनाड के कल्लाडी भूस्खलन की विस्तृत जांच कराने का आश्वासन दिया और कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सरकार ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित सुरंग सड़क परियोजना पर कोई भी फैसला केवल जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया जाएगा।
भूस्खलन स्थल का दौरा करने के बाद लोक निर्माण मंत्री पी के बशीर ने कहा कि सरकार इस घटना को अत्यंत गंभीरता से ले रही है क्योंकि मानव जीवन की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि परियोजना स्थल पर निर्माण कार्य पहले ही रोक दिया गया है और कोंकण रेलवे कॉरपोरेशन को निर्देश दिया गया है कि पर्याप्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के बाद ही निर्माण संबंधी गतिविधियां शुरू की जाएं।
मंत्री ने कहा, ''यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। मामले की तत्काल विस्तृत जांच शुरू की जाएगी और व्यापक अध्ययन के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।''
इस बीच, राजस्व मंत्री ए पी अनिल कुमार ने कहा कि सरकार इस त्रासदी के कारणों को लेकर किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट का इंतजार करेगी।
उन्होंने विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट आने से पहले ही सरकार को दोषी ठहराने के लिए विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सुरंग सड़क परियोजना पर कोई भी निर्णय जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के बाद ही लिया जाएगा।
अनिल कुमार ने बताया कि भूस्खलन स्थल पर खोज एवं बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले चूरलमाला में राहत एवं बचाव कार्य में शामिल एक अतिरिक्त बचाव दल के भी अभियान में शामिल होने की उम्मीद है।
उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम पास की नदी में भी तलाश अभियान जारी रखे हुए है।
मंत्री ने कहा कि मलबा हटाने के संबंध में कोई निर्णय लेने से पहले सरकार विशेषज्ञों की राय लेगी, क्योंकि आशंका है कि जमा हुई मिट्टी को हटाने से और अधिक भूस्खलन हो सकता है।
वायनाड एवं कोझिकोड जिलों को जोड़ने के उद्देश्य से बनाई जा रही अनाक्कमपोयिल-मेप्पाडी सुरंग परियोजना स्थल पर सात जुलाई को भूस्खलन हुआ था।
जिला अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को वायनाड भूस्खलन स्थल से एक और शव बरामद किया गया, जिससे इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई।
बृहस्पतिवार तक भूस्खलन स्थल से छह शव बरामद किए गए थे।
भाषा रंजन नरेश
नरेश
1007 1435 वायनाड