एनआईए ने ऑनलाइन आतंकी साजिश मामले में देशभर में छापेमारी की
नरेश
- 08 Jul 2026, 06:32 PM
- Updated: 06:32 PM
नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने ऑनलाइन आतंकी साजिश से जुड़े एक मामले में बुधवार को देश भर में छापेमारी की।
यह साजिश आईएसआईएस और एक्यूआईएस जैसे आतंकी संगठनों की विचारधारा को बढ़ावा देकर, लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार के खिलाफ हिंसक जिहाद के ज़रिए भारत में इस्लामिक राष्ट्र बनाने से संबंधित है।
एनआईए के एक बयान के मुताबिक, जांच के तहत एजेंसी की टीम ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली में कुल 20 जगहों पर एक साथ छापेमारी की।
इसमें कहा गया है कि बुधवार को की गई तलाशी के दौरान कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए। कथित कट्टरपंथ की साजिश के बारे में और सुराग पाने के लिए इनकी फॉरेंसिक जांच की जाएगी।
बयान के अनुसार, इस मामले में अब तक 11 लोगों और एक नाबालिग को पकड़ा गया है। एनआईए ने इस साल मई में विजयवाड़ा पुलिस से यह मामला अपने हाथ में लिया था।
आंध्र प्रदेश की विजयवाड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी रहमतुल्ला शरीफ़ मोहम्मद के घर की तलाशी के बाद मार्च में यह मामला दर्ज किया था। तलाशी के दौरान प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों आईएसआईएस (इस्लामिक स्टेट) और एक्यूआईएस (अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट) से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई थी।
एनआईए ने बताया कि बुधवार को जिन स्थानों पर तलाशी ली गई, उनकी पहचान पहले जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों के विस्तृत तकनीकी विश्लेषण, गिरफ्तार आरोपियों के संपर्कों और जांच के दौरान सामने आए अन्य तथ्यों के आधार पर की गई।
एनआईए ने कहा कि देश को अस्थिर करने की साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान की दिशा में प्रयास जारी है। एजेंसी के अनुसार, जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी और उनके सहयोगी हिंसक जिहादी सामग्री तथा भ्रामक सूचनाओं के जरिए देशभर के भोले भाले युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करने में लगे हुए थे।
एजेंसी ने बताया कि आरोपी विदेशी आकाओं के साथ भी ऑनलाइन संपर्क में थे। उनके माध्यम से कथित तौर पर जिहादी विचारधारा का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था और भारत-विरोधी साजिश को आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी।
भाषा आशीष नरेश
नरेश
0807 1832 दिल्ली