फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान दमिश्क में विस्फोट,18 घायल
माधव
- 07 Jul 2026, 04:36 PM
- Updated: 04:36 PM
दमिश्क, सात जुलाई (एपी) फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की ऐतिहासिक सीरिया यात्रा के दौरान मंगलवार को राजधानी दमिश्क में दो विस्फोट हुए, जिनमें कम से कम 18 लोग घायल हो गए। सीरिया के गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
विस्फोट उस समय हुए जब मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। धमाके 'फोर सीजन्स होटल' के पास हुए, जहां सीरियाई मीडिया के अनुसार फ्रांसीसी राष्ट्रपति ठहरे हुए हैं।
फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय एलिसी पैलेस के एक अधिकारी ने बताया कि मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं और राष्ट्रपति अल-शरा के साथ उनकी बैठक जारी है। अधिकारी ने सुरक्षा कारणों से अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं की।
अहमद अल-शरा के सत्ता में आने के बाद मैक्रों सीरिया का दौरा करने वाले पहले प्रमुख पश्चिमी नेता हैं। उनकी यह यात्रा तुर्किये की राजधानी अंकारा में होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन से पहले हो रही है।
हालांकि, ये विस्फोट राष्ट्रपति अल-शरा के लिए एक बड़ा झटका माने जा रहे हैं। अल-शरा ने वर्ष 2024 में विद्रोह का नेतृत्व करते हुए बशर अल-असद की सरकार को सत्ता से बेदखल किया था।
सत्ता संभालने के बाद अल-शरा पूरे सीरिया पर सरकार का नियंत्रण स्थापित करने, युद्धग्रस्त देश में स्थिरता बहाल करने, उनकी इस्लामवादी नेतृत्व वाली सरकार को लेकर आशंकित अल्पसंख्यक समुदायों का विश्वास जीतने और पश्चिमी देशों का समर्थन हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
मैक्रों ने सीरिया पर लगे अधिकांश प्रतिबंध हटाने के लिए यूरोप और अमेरिका को राजी करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह सोमवार रात एक आर्थिक प्रतिनिधिमंडल के साथ सीरिया पहुंचे थे। इस यात्रा के दौरान उनके और राष्ट्रपति अल-शरा के बीच कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने हैं। युद्ध से तबाह सीरिया निवेशकों को आकर्षित कर देश के पुनर्निर्माण को गति देना चाहता है।
सीरिया के गृह मंत्रालय ने सरकारी मीडिया के माध्यम से जारी बयान में बताया कि राजधानी के मध्य क्षेत्र में हुए दोनों विस्फोट, विस्फोटक उपकरणों के जरिए किए गए। इनमें से एक विस्फोटक कूड़ेदान में रखा गया था, जबकि दूसरा सड़क किनारे खड़ी एक कार में रखा गया था।
मंत्रालय के अनुसार, घायलों में चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। फिलहाल किसी की मौत की सूचना नहीं है और घटना की जांच जारी है।
विस्फोट स्थल से धुएं का घना गुबार उठता देखा गया। यह इलाका दमिश्क की एक व्यस्त सड़क पर स्थित है और पर्यटन मंत्रालय के मुख्यालय तथा दमिश्क राष्ट्रीय संग्रहालय के निकट है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक वैन और एक मोटरसाइकिल आग की लपटों में घिरी दिखाई दे रही हैं, जबकि सड़क पर खून के धब्बे भी नजर आ रहे हैं।
अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
यह घटना उस हमले के कुछ ही दिन बाद हुई है, जिसमें दमिश्क के जस्टिस पैलेस के पास एक कैफे में विस्फोटक उपकरण से हमला किया गया था। उस हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई थी और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे।
एपी शोभना माधव
माधव
0707 1636 दमिश्क