हर व्यक्ति तक जनहितकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही 'डबल इंजन' सरकार: मुख्यमंत्री
संतोष
- 04 Jul 2026, 07:42 PM
- Updated: 07:42 PM
पचपदरा (बालोतरा), चार जुलाई (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश पिछले 12 वर्षों से विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि 'डबल इंजन' सरकार राजस्थान के प्रत्येक नागरिक तक जनहितकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्प एवं समर्पण के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने शनिवार को बालोतरा के पचपदरा में देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल के उद्घाटन समारोह में कहा कि लगभग 80 हजार करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रिफाइनरी राजस्थान की भाग्यरेखा के साथ-साथ पूरे देश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास का नया आधार बनेगी।
उन्होंने कहा, ''यह परियोजना पश्चिमी राजस्थान को पेट्रोकेमिकल उद्योगों का प्रमुख हब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके माध्यम से नए उद्योगों के निवेश को गति मिलेगी, स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त होगी और लाखों युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना राजधानी जयपुर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाएगी।
इससे यातायात जाम की समस्या का समधान होगा, सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलेगी तथा जयपुर के शहरी विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि 'डबल इंजन' सरकार ने ढाई वर्ष के कार्यकाल में एक लाख 78 हजार सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं।
उन्होंने कहा, ''राजस्थान के इतिहास में इतने कम समय में इतनी बड़ी संख्या में सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराना एक नया रिकॉर्ड है। साथ ही निजी क्षेत्र में भी सरकार के प्रयासों से चार लाख से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ यमुना जल समझौता राजस्थान के जल इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है।
इस ऐतिहासिक समझौते से शेखावाटी अंचल सहित जल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों के लगभग 75 लाख लोगों को दीर्घकालिक पेयजल राहत मिलेगी।
इस मौके पर केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यह रिफाइनरी राजस्थान के लिए एक साधारण परियोजना नहीं है। इससे इस क्षेत्र में नए रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे, जनसाधारण के जीवन में समृद्धि आएगी और आर्थिक एवं वाणिज्यिक क्षेत्रों में भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान में रिफाइनरी परियोजना को पूरा करने में उनका सक्रिय योगदान रहा है।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान की विकास गाथा पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
भाषा बाकोलिया
संतोष
संतोष
0407 1942 पचपदरा (बालोतरा)