सपा-कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, वे ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहे: नितिन नवीन
संतोष
- 04 Jul 2026, 08:51 PM
- Updated: 08:51 PM
लखनऊ, चार जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सपा-कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष शनिवार को यहां पार्टी के राज्य मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे।
बैठक को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा, ''सपा-कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं।''
उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि ''हमें विपक्ष के झांसे में नहीं आना है, हमें उप्र के विकास के लिए काम करना है।''
नवीन ने कहा, ''किसी के दिल में अगर जगह बनानी है, तो उस तक पहुंचना पड़ेगा। आपको हर गांव में प्रवास करना है। हर घर, हर व्यक्ति तक पहुंचना है।''
भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि वर्ष 2027 में भी लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से उप्र में 'डबल इंजन' सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि 'डबल इंजन' की सरकार ने कार्यों का कीर्तिमान बनाया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि ''मोदी जी-योगी जी की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया है।''
उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों को सलाह दी कि ''आपको हर मतदाता तक 'डबल इंजन' सरकार की योजनाओं एवं पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगा।''
नितिन नवीन ने कहा, ''प्रभु श्रीराम की भूमि, बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी तथा मथुरा की नगरी में मुझे जो सम्मान मिला, उससे मैं अभिभूत हूं।''
भाजपा की ओर से जारी एक बयान के अनुसार अपने संबोधन में भाजपा प्रमुख नितिन नवीन ने जिला अध्यक्षों को सम्मान देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा, "हम लोगों ने तय किया है कि हर महीने योजना के अनुसार मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर पदाधिकारियों की बैठक होगी। इस महीने से मैं अपना क्षेत्रीय प्रवास भी शुरू करूंगा।''
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा के सभी सांसदों, विधायकों, मंत्रियों को अभी से हर मतदाता तक केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं एवं पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचना होगा।
बूथ अध्यक्षों को प्रोत्साहित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "मैंने एक प्रयास शुरू किया है कि मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सम्मान स्वरूप जितने अंग वस्त्र मिले हैं, उन्हें चुनावी राज्य के उन सभी बूथ अध्यक्षों को मेरे एक पत्र के साथ सम्मान स्वरूप भेंट किया जाए जो अच्छे तरीके से "मन की बात" लगातार सुन रहे हैं और इसके बाद बूथों की बैठक कर रहे हैं।''
उन्होंने केरलम के एक भाजपा कार्यकर्ता का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, "केरलम में एक कार्यकर्ता मुझसे मिलने के लिए बड़े इच्छुक थे और भीड़ में लगातार मिलने की कोशिश कर रहे थे। मैं उनको उतना जानता भी नहीं था लेकिन फिर भी वह मंच तक आए, उनके मन में बस एक ही उत्साह था कि मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को पत्र दिखाना है कि उनके द्वारा दिया गया पत्र उन तक पहुंचा है। वह इससे काफी सम्मानित और खुशी की अनुभूति कर रहे थे।"
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी चीजों से लोगों को जोड़ा जा सकता है और किसी के दिल में अगर जगह बनानी है तो उस तक पहुंचाना पड़ेगा।
उन्होंने प्रदेश की नवगठित भाजपा टीम को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी लगन, समर्पण और सक्रियता के साथ जुट जाना है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मतदाता तक संगठन की योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रभावित ढंग से पहुंचने पर जोर दिया।
भाषा आनन्द संतोष
संतोष
0407 2051 लखनऊ