प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान में नवनिर्मित रिफाइनरी का उद्घाटन किया
देवेंद्र
- 04 Jul 2026, 02:56 PM
- Updated: 02:56 PM
पचपदरा (बालोतरा), चार जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के बालोतरा में नवनिर्मित रिफाइनरी का शनिवार को उद्घाटन किया।
मोदी ने साथ ही बालोतरा के पचपदरा में भारत के पहले 'ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर' को राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने इसे भारत के ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
उन्होंने इस मौके पर जयपुर मेट्रो रेल परियोजना फेज-2 का भी रिमोट के जरिये शिलान्यास किया। उन्होंने बालोतरा में आयोजित कार्यक्रम में एक लाख पांच हजार करोड़ रुपए के विभिन्न कार्यों का शिलान्यास/उद्घाटन और लोकार्पण किया।
आधिकारिक बयान के अनुसार हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और राजस्थान सरकार के संयुक्त उद्यम के रूप में विकसित 90 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमएमटीपीए) की क्षमता वाले इस ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर की स्थापना 79,450 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से की गई है।
बयान के अनुसार इस अत्याधुनिक परिसर में शोधन और पेट्रोकेमिकल उत्पादन की सुविधाओं को एकीकृत किया गया है जिसकी पेट्रोकेमिकल क्षमता 24 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष है। इस रिफाइनरी का नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 17.0 है और पेट्रोकेमिकल उत्पादन 26 प्रतिशत से अधिक है, जो दक्षता और स्थिरता के वैश्विक मानकों के अनुरूप है।
इसके अनुसार यह परियोजना भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, पेट्रोकेमिकल आत्मनिर्भरता बढ़ाने और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है।
बयान के अनुसार यह क्षेत्र में पेट्रोकेमिकल और प्लास्टिक पार्क के विकास के लिए एक आधार उद्योग के रूप में कार्य करेगी जिससे संबंधित उद्योगों और सहायक क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा। यह रिफाइनरी रोजगार के महत्वपूर्ण अवसर पैदा करने के लिए तैयार है, जिससे क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण की आधारशिला रखी जिसकी कुल लागत 13,000 करोड़ रुपए से अधिक है। दूसरे चरण के तहत, प्रह्लादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जायेगा जो सीतापुरा और विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र (वीकेआई) के औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों को 36 स्टेशनों के माध्यम से जोड़ेगा।
प्रधानमंत्री ने जोधपुर रिंग रोड के खंड-2 (करवड़-डांगियावास) पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-125ए के चार लेन के निर्माण का भी उद्घाटन किया।
इसके अलावा, मोदी ने एसजेवीएन लिमिटेड की 1,000 मेगावाट की बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना व एनएचपीसी के 300 मेगावाट के करणीसर बीकानेर सौर ऊर्जा संयंत्र को राष्ट्र को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री ने राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों के लिए भर्ती किये गये कुछ युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।
भाषा पृथ्वी रंजन देवेंद्र
देवेंद्र
0407 1456 पचपदरा (बालोतरा)