मुख्यमंत्री ने 'दिल्ली ईवी सब्सिडी पोर्टल' की शुरुआत की
नरेश
- 03 Jul 2026, 08:23 PM
- Updated: 08:23 PM
नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 'दिल्ली ईवी सब्सिडी पोर्टल' की शुरुआत की तथा 'दिल्ली इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2026' की आधिकारिक पुस्तिका का विमोचन किया।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम में हाल में लागू की गई ईवी नीति के तहत सरकारी प्रोत्साहन प्राप्त करने के वास्ते आवेदन करने के लिए 'एचटीटीपीएस://ईवी सब्सिडी.दिल्ली. जीओवी. इन' पोर्टल की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ईवी पोर्टल के माध्यम से पात्र लाभार्थी वाहन खरीदने और आरसी (पंजीकरण प्रमाण पत्र) प्राप्त होने के 30 दिनों के भीतर आवेदन कर सकते हैं और इसके बाद 60 दिनों के भीतर प्रत्यक्ष लाभ अंतरण ( डीबीटी) के माध्यम से सब्सिडी उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली ईवी सब्सिडी पोर्टल को इस तरह से बनाया गया है कि पात्र लाभार्थी घर बैठे ही सभी सेवाओं का लाभ उठा सकें व पूरी प्रक्रिया कागजरहित, पारदर्शी और नागरिक केंद्रित बनाई गई है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली इलेक्ट्रिक वाहन नीति स्वच्छ वायु, प्रदूषण नियंत्रण, ऊर्जा सुरक्षा और हरित अर्थव्यवस्था की दिशा में दिल्ली सरकार का एक दूरदर्शी और परिवर्तनकारी कदम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह नीति आम नागरिक को केंद्र में रखकर तैयार की गई है, जिसमें दोपहिया, तिपहिया, निजी कारों और वाणिज्यिक वाहनों के लिए विशेष प्रोत्साहन दिए गए हैं। साथ ही एन-1 और एन-2 श्रेणी के वाणिज्यिक वाहनों के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।
बयान के मुताबिक, दिल्ली सरकार अगले चार वर्षों में नई ईवी नीति के क्रियान्वयन पर 7,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगी। इसके तहत खरीद प्रोत्साहन, स्क्रैप (कबाड़) प्रोत्साहन, चार्जिंग अवसंरचना के विकास और सड़क कर और पंजीकरण शुल्क में छूट जैसे प्रावधान किए गए हैं, जिससे पात्र इलेक्ट्रिक वाहन खरीदारों को बड़े पैमाने पर आर्थिक लाभ मिलेगा।
नई नीति के तहत इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों पर 30,000 रुपये तक, इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों पर 50,000 रुपये तक और एन-1 श्रेणी के इलेक्ट्रिक ट्रकों पर एक लाख रुपये तक का प्रोत्साहन दिया जाएगा, जबकि पुरानी प्रदूषणकारी गाड़ियों की स्क्रैप करने पर भी विभिन्न श्रेणियों के अनुसार विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
दिल्ली में एक अप्रैल 2028 से केवल नए इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का पंजीकरण किया जाएगा जबकि पहले से पंजीकृत वाहन अपनी निर्धारित वैधता अवधि तक चलते रहेंगे।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश
0307 2023 दिल्ली