करणी सेना के नेता की हत्या का मामला : भाजपा, जदयू के बंद के कारण जमशेदपुर में सामान्य जनजीवन बाधित
वैभव
- 03 Jul 2026, 04:21 PM
- Updated: 04:21 PM
जमशेदपुर, तीन जुलाई (भाषा) झारखंड के जमशेदपुर में करणी सेना के एक नेता की हत्या और शहर में कथित रूप से बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में विपक्षी पार्टी भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ताओं द्वारा सूर्योदय से सूर्यास्त तक बंद का आह्वान किए जाने से शुक्रवार को जनजीवन बाधित रहा।
व्यावसायिक प्रतिष्ठान, शिक्षण संस्थान, पेट्रोल पंप, बैंक और डाकघर बंद रहे, जबकि व्यावसायिक वाहन मुख्य रूप से सड़कों से दूर रहे। अधिकांश ऑटो-रिक्शा, बसें और अन्य वाहन सड़कों से नदारद रहने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बंद समर्थकों ने कई जगहों पर मुख्य सड़कें अवरुद्ध कर दीं और टायर जलाए।
स्टील सिटी के नाम से प्रसिद्ध जमशेदपुर में 27 जून को बिष्टुपुर क्षेत्र स्थित एक बार में कुछ लोगों के साथ हुई झड़प में 28 वर्षीय हिमांशु सिंह की हत्या के बाद से लगातार विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं।
झारखंड पुलिस ने इस हत्या के मामले में तीन नाबालिगों सहित पांच लोगों को पकड़ा है। साथ ही शहर और उसके आसपास के छह थाना क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
एक वरिष्ठ जिला अधिकारी ने बताया कि बंद के दौरान शहर के किसी भी हिस्से से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
अधिकारी ने बताया कि बंद के मद्देनजर पहले से ही बिष्टुपुर, साकची, सोनारी, कदमा, मानगो और एमजीएम थाना क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रही।
भाजपा और जद(यू) के नेतृत्व वाले सर्वदलीय सर्व समाज द्वारा बुलाए गए बंद को 'कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स' तथा 'जमशेदपुर होलसेल गारमेंट एसोसिएशन' समेत कई संगठनों का समर्थन मिला।
भाजपा सांसद बिद्युत बरन महतो, पार्टी विधायक पूर्णिमा दास साहू, भाजपा की झारखंड इकाई के प्रवक्ता अभय सिंह, भाजपा की जमशेदपुर महानगर समिति के अध्यक्ष संजीव सिन्हा तथा जद(यू) विधायक सरयू राय बंद को सफल बनाने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़कों पर उतरे।
महतो ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ी है। उन्होंने दावा किया कि जमशेदपुर राज्य का ''अपराध क्षेत्र'' बन गया है।
सरयू राय ने कहा कि सरकार को बंद के प्रति जनता की प्रतिक्रिया का संज्ञान लेना चाहिए और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।
बंद के समर्थन में बृहस्पतिवार शाम सर्वदलीय सर्व समाज ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर मशाल जुलूस निकाले।
पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में जिला पुलिस ने बृहस्पतिवार रात बिष्टुपुर, साकची और अन्य संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जा सके।
बंद समर्थकों ने हत्या में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जिला पुलिस ने पड़ोसी सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया निवासी फरार मुख्य आरोपी विश्वनाथ लोहरा उर्फ बोडरा की गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने वाले को दो लाख रुपये के इनाम की भी घोषणा की है।
अधिकारियों के अनुसार, सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने पूरे बंद के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की स्वयं निगरानी की।
सरायकेला के अनुमंडल पुलिस अधिकारी अनुभव भारद्वाज ने बताया कि पड़ोसी सरायकेला-खरसावां जिले के औद्योगिक नगर आदित्यपुर में कथित रूप से बंद लागू कराने के दौरान आदित्यपुर नगर निगम के पार्षद संजय सरदार सहित करीब 50 बंद समर्थकों को हिरासत में लिया गया।
भाषा गोला वैभव
वैभव
0307 1621 जमशेदपुर