पंजाब भाजपा नेता विजय सांपला ने पाकिस्तान में ऐतिहासिक गुरुद्वारे को गिराए जाने की निंदा की
सुरेश
- 02 Jul 2026, 06:55 PM
- Updated: 06:55 PM
होशियारपुर, दो जुलाई (भाषा) पंजाब के पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय सांपला ने पाकिस्तान में करीब 125 वर्ष पुराने एक गुरुद्वारे को कथित तौर पर ढहाए जाने की घटना की बृहस्पतिवार को निंदा करते हुए इसे सिख समुदाय की आस्था और विरासत पर हमला बताया।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के फारूकाबाद स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब को हाल ही में एक स्थानीय कारोबारी ने आवश्यक अनुमति के बिना कथित तौर पर ढहा दिया। इस घटना के बाद अल्पसंख्यक सिख समुदाय ने विरोध प्रदर्शन किया।
सांपला ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पाकिस्तान में धार्मिक स्थलों पर हमले, उपासना स्थलों पर अतिक्रमण और अल्पसंख्यक समुदायों के साथ भेदभाव की घटनाएं बार-बार सामने आती रही हैं, जिससे सिखों, हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों की सुरक्षा तथा धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुई हैं।
उन्होंने हिंदू और सिख समुदाय की महिलाओं तथा नाबालिग लड़कियों के कथित जबरन धर्म परिवर्तन और विवाह की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान आकर्षित किया है।
सांपला ने कहा, ''यदि ऐतिहासिक और पवित्र धार्मिक स्थलों की भी सुरक्षा नहीं की जा सकती, तो इससे धार्मिक स्वतंत्रता, कानून के शासन और अल्पसंख्यक समुदायों के संवैधानिक अधिकारों पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।''
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सरकार को केवल आश्वासन देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि अल्पसंख्यक समुदायों का विश्वास बहाल हो सके।
भाजपा नेता ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की ''दृढ़ कूटनीतिक प्रतिक्रिया'' का स्वागत करते हुए पाकिस्तान से कथित ध्वस्तीकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब को उसके मूल ऐतिहासिक स्वरूप में पुनर्स्थापित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि उपासना स्थलों और अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों की रक्षा केवल किसी एक देश का आंतरिक मामला नहीं है, बल्कि यह सार्वभौमिक मानवाधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता और साझा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जुड़ा विषय है।
भारत ने बुधवार को गुरुद्वारे को कथित रूप से ढहाए जाने की घटना को ''बेहद पीड़ादायक'' बताया था और इस ''अत्यंत निंदनीय'' तथा ''लक्षित तोड़फोड़'' की कड़ी निंदा करते हुए इस्लामाबाद से दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने का आह्वान किया था।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश
0207 1855 होशियारपुर