कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे उप्र प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
अमित
- 01 Jul 2026, 11:26 PM
- Updated: 11:26 PM
लखनऊ एक जुलाई (भाषा) कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी नियुक्त होने के बाद बुधवार शाम पहली बार कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंचे राजेन्द्र पाल गौतम का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
गौतम ने कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया और कहा कि पार्टी बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के संविधान को हाथ में लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ संघर्ष करेगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता उमाशंकर पांडेय ने बताया कि गौतम पार्टी का प्रदेश प्रभारी बनने के बाद देर शाम पार्टी राज्य मुख्यालय पहुंचे जहां प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
पांडेय ने बताया कि गौतम लखनऊ पहुंचकर सबसे पहले हजरतगंज स्थित बाबा साहब भीमराव आंबेडकर महासभा, वीरांगना अवंती बाई लोधी प्रतिमा, सरदार पटेल प्रतिमा, महात्मा गांधी प्रतिमा एवं बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे वह प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे।
गौतम ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस बाबा साहब आंबेडकर के संविधान को हाथ में लेकर संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा कि आंबेडकर और कांग्रेस के बीच कोई मतभेद नहीं था बल्कि दोनों एक-दूसरे के पूरक थे, इसीलिए कांग्रेस ने बाबा साहब को संविधान सभा का अध्यक्ष बनाया और कानून मंत्री बनाया।
गौतम ने कहा कि कांग्रेस और बाबा साहब के संबंधों को लेकर जो पार्टियां झूठ बोलती और भ्रम फैलाती हैं उनका पर्दाफाश करने का समय आ गया है।
उन्होंने पेपर लीक और महंगी शिक्षा के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार को घेरा और साथ ही राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर भी उसकी आलोचना की।
गौतम ने कहा, "ये चंदा चोर हैं। ये लोगों की आस्था की चोरी करते हैं। यह सरकार चुराते हैं। यह वोट चुराते हैं। पहले भारत गुलाम था और आजादी का आन्दोलन कांग्रेस ने लड़ा और अब भाजपा की गुलामी के खिलाफ भी कांग्रेस पार्टी लड़ाई लड़ेगी। पहले अंग्रेजों से लड़े और अब भाजपा के काले अंग्रेजों से लड़ाई लड़नी होगी।"
उन्होंने भाजपा पर दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों से नफरत करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इस नफरत को मिटाने का काम करेगी।
गौतम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुखातिब होते हुए कहा कि पहले भी कांग्रेस ने बलिदान दिया है और फिर से भारत को आजादी दिलाने के लिए सबको बलिदान देने के लिए तैयार होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूरे देश में आम जनता, गरीबों, वंचितों, पिछड़ों, दलितों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
गौतम ने कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि काम करने वाले मेहनती लोगों को संगठन में आगे बढ़ाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने इस मौके पर कहा कि आज आम जनता कांग्रेस पार्टी की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। उन्होंने कहा, "हम राहुल गांधी के सिपाही हैं और पार्टी के प्रदेश प्रभारी के साथ मिलकर हम सभी लोग पूरी ताकत के साथ संघर्ष करेंगे।"
भाषा सलीम अमित
अमित
0107 2326 लखनऊ