कर्नाटक में कारा हुन्निमे उत्सव के दौरान झड़प में आठ लोग घायल
अविनाश
- 30 Jun 2026, 07:00 PM
- Updated: 07:00 PM
हावेरी, 30 जून (भाषा) कर्नाटक के हावेरी में कारा हुन्निमे उत्सव के तहत आयोजित बैल जुलूस के दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर हुई झड़प में आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार को हंगल तालुक के नरेगल गांव में हुई।
अधिकारियों ने बताया कि झड़प के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
कारा हुन्निमे मुख्य रूप से उत्तरी कर्नाटक में ज्येष्ठ पूर्णिमा को मनाया जाने वाला पारंपरिक कृषि उत्सव है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटना की शुरुआत दो व्यक्तियों के बीच झगड़े से हुई थी जो बाद में झड़प में बदल गई। उन्होंने इस घटना में किसी भी सांप्रदायिक कोण से इनकार किया है।
उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कारा हुन्निमे उत्सव के लिए बैलों का जुलूस निकाला जा रहा था, तभी एक मस्जिद के पास पटाखे फोड़े गए, जिसे लेकर दो व्यक्तियों के बीच बहस हो गई थी। इसमें कथित तौर पर धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे आठ लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता आर. अशोक ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि जब से कांग्रेस सरकार सत्ता में आई है, कर्नाटक के लोग सवाल पूछ रहे हैं कि हिंदू त्योहारों और परंपराओं को बार-बार निशाना क्यों बनाया जा रहा है।
भाजपा नेता ने गृह मंत्री प्रियंक खरगे पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें देखना चाहिए कि "तुष्टीकरण की राजनीति" ने राज्य को कहां लाकर खड़ा कर दिया है।
कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि परंपरा के अनुसार, किसान कारा हुन्निमे के दौरान अपने सजाए गए बैलों का जुलूस निकालते समय पटाखे फोड़ते हैं।
अशोक ने कहा, "ऐसा आरोप है कि सिर्फ इसी वजह से धार्मिक चरमपंथियों ने किसानों पर बेरहमी से हमला किया।"
उन्होंने मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार से घटना में शामिल सभी लोगों की तुरंत गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
उन्होंने सरकार से घायल किसानों का इलाज का खर्च उठाने का भी आग्रह किया।
हावेरी के सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा, "यह सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास था और बैल जुलूस में भाग लेने वाले युवाओं पर जानबूझकर किया गया हमला बेहद निंदनीय है।"
भाजपा सांसद ने पुलिस विभाग पर ऐसे मामलों को भड़काने वाले नेताओं के हाथों की कठपुतली बनकर काम करने का आरोप लगाया और कहा कि ज़िले के पुलिस अधीक्षक स्थिति को नियंत्रित करने में नाकाम रहे।
उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों के तुरंत तबादले की भी मांग की है।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश
3006 1900 हावेरी