अस्पताल से भागे विचाराधीन कैदी को हिमाचल से पकड़ा गया
वैभव
- 29 Jun 2026, 03:22 PM
- Updated: 03:22 PM
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने जीबी पंत अस्पताल से भागने के 48 घंटे के अंदर 26 वर्षीय विचाराधीन कैदी को पकड़ लिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पवन भल्ला को इलाज के लिए रोहिणी जेल से अस्पताल ले जाया गया था और वह 26 जून को शौचालय के रोशनदान से पुलिस हिरासत से भाग गया था।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आदित्य गौतम ने बताया कि भल्ला ने अपने आप को बीमार करने के लिए 24 जून को रोहिणी केंद्रीय जेल में कोई अज्ञात चीज़ खा ली थी।
उसे पहले डॉ. बी.आर. आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया और कथित रूप से खून की उल्टी होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जी.बी. पंत अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि 26 जून को शाम 6:45 बजे भल्ला ने शौचालय जाने की इजाज़त मांगी और रोशनदान के रास्ते भाग निकला। उसके साथ मौजूद कर्मचारियों ने फौरन उसकी तलाश की लेकिन वह नहीं मिला।
इसके बाद आईपी स्टेट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
भल्ला को 15 जून को विजय विहार पुलिस ने रोहिणी में लाल फ्लैट्स के पास गश्त के दौरान तब गिरफ्तार किया था, जब उसके पास से कथित तौर पर बटन से चलने वाला प्रतिबंधित चाकू बरामद हुआ था। उस पर सशस्त्र कानून के तहत मामला दर्ज किया गया और एक अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
उसके फरार होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए, अपराध शाखा ने एक विशेष टीम गठित की और तकनीकी निगरानी व खुफिया जानकारी आदि के जरिए उसकी तलाश शुरू की।
जांच के दौरान, पुलिस को जानकारी मिली कि भल्ला हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में है। इस जानकारी के आधार पर, पुलिस की एक टीम ने 28 जून को उसे जितपुर बेहरी से पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान, भल्ला ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि अस्पताल से भागने के बाद वह पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन गया और ऊना जाने वाली ट्रेन में सवार हो गया ताकि राष्ट्रीय राजधानी से दूर पहुंच सके।
पुलिस के अनुसार उसने अपने एक पुराने साथी के घर में कथित तौर पर शरण ली और अपनी पहचान छिपाकर एक गोदाम में सामान चढ़ाने-उतारने का काम करने लगा।
पुलिस ने बताया कि भल्ला दिल्ली के बुध विहार में रहता है और मूल रूप से हरियाणा के जींद का रहने वाला है। उस पर पहले भी चोरी और सेंधमारी के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह मादक पदार्थों के सेवन का भी आदी है।
भाषा नोमान नोमान वैभव
वैभव
2906 1522 दिल्ली