भारत-अमेरिका ने दो दिन की व्यापार वार्ता में द्विपक्षीय समझौते के प्रमुख पहलुओं की समीक्षा की
अजय
- 24 Jun 2026, 06:22 PM
- Updated: 06:22 PM
(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) भारत और अमेरिका ने अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर जारी वार्ताओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बाजार पहुंच, डिजिटल व्यापार और गैर-शुल्कीय बाधाओं सहित समझौते के प्रमुख पहलुओं पर चर्चा की।
दोनों देश 24 जुलाई को अमेरिका द्वारा लगाए गए अस्थायी 10 प्रतिशत शुल्क की अवधि समाप्त होने से पहले इस समझौते को अंतिम रूप देने का प्रयास कर रहे हैं।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जेमीसन ग्रीर 22 से 24 जून तक भारत यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को लेकर वार्ता की।
वाणिज्य मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि यह यात्रा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को संतुलित और दोनों देशों के लिए लाभकारी स्वरूप देने तथा सात फरवरी, 2026 के संयुक्त बयान के अनुरूप अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बयान के अनुसार, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के बीच कई दौर की वार्ता हुई, जिसमें बाजार पहुंच बढ़ाने, डिजिटल व्यापार, आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती, गैर-शुल्कीय बाधाओं को कम करने और रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने जैसे मुद्दों पर व्यापक समीक्षा की गई।
बयान में कहा गया, "चर्चा का मुख्य उद्देश्य एक अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने का रास्ता तलाशना था, जिसे व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।"
दोनों नेताओं ने इस बात पर भी सहमति जताई कि व्यापार समझौता संतुलित, व्यावसायिक दृष्टि से सार्थक और दोनों देशों के कारोबारियों, किसानों, श्रमिकों तथा उपभोक्ताओं के लिए ठोस लाभ पहुंचाने वाला होना चाहिए।
मंत्रालय ने कहा कि बदलते वैश्विक व्यापार परिदृश्य के बीच भारत-अमेरिका आर्थिक साझेदारी के बढ़ते महत्व को देखते हुए दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और विश्वसनीय एवं मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाएं विकसित करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।
इससे पहले गोयल ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''ग्रीर और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठकों का दौर पूरा हुआ। हमने भारत-अमेरिका के बीच जारी व्यापारिक बातचीत की प्रगति की समीक्षा की और अपनी आर्थिक साझेदारी को और प्रगाढ़ करने के तरीकों पर बातचीत की।''
गोयल ने कहा, ''मैं ग्रीर के नेतृत्व और हमारी बातचीत को रचनात्मक और भविष्योन्मुखी तरीके से आगे बढ़ाने में दोनों टीम के लगातार प्रयास की सराहना करता हूं।''
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब दोनों देश अमेरिकी शुल्क नीति में बदलाव के बाद पहले से तय व्यापार ढांचे की समीक्षा और उसमें आवश्यक संशोधन करने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रीर का यह दौरा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 17 जून को फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर हुई मुलाकात के कुछ दिन बाद हुआ है। इस मुलाकात से व्यापार वार्ताओं को नई गति मिली है।
मंत्रिस्तरीय बैठक से पहले इस महीने दो से चार जून के बीच नयी दिल्ली में मुख्य वार्ताकार स्तर की बातचीत भी हुई थी।
भाषा योगेश अजय
अजय
2406 1822 दिल्ली