हत्या मामले का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार: पुलिस
नरेश
- 22 Jun 2026, 05:06 PM
- Updated: 05:06 PM
विजयपुर (कर्नाटक), 22 जून (भाषा) कर्नाटक के विजयपुर में हत्या के एक मामले में वांछित एक आरोपी ने सोमवार को पुलिस अधिकारियों पर पथराव किया, चाकू दिखाकर धमकाया और भागने की कोशिश की जिस पर पुलिस को उसके पैर में गोली मारनी पड़ी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कथित तौर पर भागने की कोशिश की, पुलिस दल पर पथराव किया और चाकू दिखाकर अधिकारियों को धमकाया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान महेश तलवार के रूप में की है, जो विजयपुर जिले के गोविंदपुर गांव में 29 मई को एक भूमि विवाद को लेकर छह लोगों की हत्या के मामले के संदिग्धों में शामिल है।
पुलिस ने बताया कि बाद में महेश को गिरफ्तार कर लिया गया और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
चडचन थाने में दर्ज हत्या के मामले के संबंध में पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबार्गी ने बताया कि जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है और अब तक 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ''आज सुबह हमें विजयपुर ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत इत्तांगीहाल गांव के पास एक आरोपी के मौजूद होने की सूचना मिली थी। जब पुलिस दल उसे पकड़ने पहुंचा तो उसने पुलिसकर्मियों को देखकर भागने की कोशिश की। उसने पुलिस दल पर पथराव किया और चाकू दिखाकर धमकाया।''
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, जांच अधिकारी ने पहले चेतावनी के तौर पर हवा में दो गोली चलायीं। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद आरोपी भागने का प्रयास करता रहा, जिसके बाद पुलिस ने उसके दाहिने पैर पर एक गोली मारी।
उन्होंने कहा, ''उसे हिरासत में लिया गया और बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत स्थिर है और कोई गंभीर स्वास्थ्य जटिलता नहीं है।''
इस घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति भी स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ''इस घटना के संबंध में विजयपुर ग्रामीण थाने में एक अलग मामला दर्ज किया जा रहा है। जहां तक गोविंदपुर हत्या मामले का सवाल है, अब तक कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है।''
पुलिस के अनुसार, इस मामले में चंद्रकांत निराले, उसके पुत्र समर्थ और राहुल दुंडप्पा निराले, शिवपुत्र निराले तथा शब्बीर अत्तार बीकर सहित छह लोगों की हत्या कर दी गई थी।
मामले की जांच जारी है।
भाषा अमित नरेश
नरेश
2206 1706 विजयपुर