जहां योग से तपा हुआ शरीर है, वहां न रोग है, न बीमारी : योगी
रंजन
- 21 Jun 2026, 01:27 PM
- Updated: 01:27 PM
(अतिरिक्त सामग्री के साथ रिपीट)
झांसी/लखनऊ, 21 जून (भाषा) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है और रोग, बीमारी तथा समय से पहले आने वाले बुढ़ापे से बचाव संभव है।
झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई किले में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ''योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखकर जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।''
उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही व्यक्ति को शिक्षा, श्रम, कृषि, विज्ञान और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में सफलता दिलाता है।
योगी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि योग को वैश्विक पहचान दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया के लगभग 200 देश योग से जुड़ चुके हैं और इस वर्ष की थीम "बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग" लोगों को बेहतर जीवन की दिशा दिखाती है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ छात्र, शिक्षक, किसान, श्रमिक, वैज्ञानिक और नागरिक ही समाज तथा राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।
योगी ने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है तथा स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मस्तिष्क और स्वस्थ बुद्धि का आधार है।
उन्होंने आयुष पद्धति के महत्व का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इसका लाभ जितना अधिक लोग उठाएंगे, उतना ही व्यक्ति और देश दोनों के लिए हितकारी होगा।
मुख्यमंत्री ने लोगों से योग के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार और इसे दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भारतीय ऋषि परंपरा प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की प्रेरणा देती है। 21 जून के महत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह वर्ष का सबसे लंबा दिन होता है और सूर्य से प्राप्त ऊर्जा जीवन को शक्ति प्रदान करती है।
उन्होंने वैज्ञानिक पहलुओं की चर्चा करते हुए कहा, ''21 जून को सबसे लंबे समय तक सूर्य का सानिध्य मिलता है और सूर्य जगतपिता कहलाते हैं। आपने देखा होगा कि जो व्यक्ति सूर्य के जितने सानिध्य में रहता है, जो वनस्पति सूर्य के जितने नजदीक होता है, उतना ही उसमें तेज होता है और वह क्षमतावान बनता है। सूर्य हम सबकी जीवंतता का प्रमाण है।''
प्रदेश के मुख्यमंत्री ने योग दिवस का उद्देश्य भी इसी सकारात्मक ऊर्जा को आत्मसात कर स्वस्थ और संतुलित जीवन की ओर बढ़ना है।
इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, आयुष राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु' सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
भाषा आनन्द रंजन
रंजन
रंजन
2106 1327 झांसी