ईरान समझौते की कोशिशों के बीच ट्रंप और नेतन्याहू के रिश्तों में तनाव उभरा
अमित
- 17 Jun 2026, 12:09 PM
- Updated: 12:09 PM
वाशिंगटन, 17 जून (एपी) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच लंबे समय से चले आ रहे करीबी संबंध अब परीक्षा के दौर से गुजरते दिख रहे हैं। ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए समझौते को अंतिम रूप देने की ट्रंप की कोशिशों के बीच उन्होंने नेतन्याहू की सार्वजनिक रूप से आलोचना की है।
पिछले वर्ष नेतन्याहू ने ट्रंप को ''व्हाइट हाउस में इजराइल का सबसे बड़ा मित्र'' बताया था। हालांकि अब ट्रंप ने नेतन्याहू के फैसलों पर सवाल उठाते हुए तीखी टिप्पणियां की हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि ''मेरे बिना इजराइल नहीं होता।''
नेतन्याहू चार अमेरिकी राष्ट्रपतियों के कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री रहे हैं और विभिन्न अवसरों पर सभी प्रशासन के साथ उनके मतभेद रहे हैं। हालांकि किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने सार्वजनिक रूप से उनकी आलोचना उतनी खुलकर नहीं की, जितनी ट्रंप ने की है।
यह तनाव ऐसे समय सामने आया है जब ट्रंप लेबनान में इजराइली हमलों को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। उनका मानना है कि इन हमलों से वाशिंगटन और तेहरान के बीच चल रही वार्ताओं पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। अमेरिका ईरान के साथ समझौते को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, जबकि देश के भीतर युद्ध को लेकर राजनीतिक दबाव बढ़ रहा है और ईंधन की कीमतों में वृद्धि भी चिंता का विषय बनी हुई है।
पश्चिम एशिया मामलों के विशेषज्ञ एवं विभिन्न अमेरिकी प्रशासन के सलाहकार रह चुके आरोन डेविड मिलर ने कहा कि यदि नेतन्याहू ट्रंप की किसी महत्वपूर्ण प्राथमिकता के आड़े आते हैं, विशेष रूप से युद्ध समाप्त करने के प्रयासों में, तो ट्रंप अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने के लिए तैयार हैं।
ईरान के साथ प्रस्तावित समझौते पर शुक्रवार को जिनेवा में हस्ताक्षर होने की संभावना है। फ्रांस में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने नेतन्याहू से उनकी हालिया गतिविधियों पर असंतोष व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा, ''अमेरिका के बिना इजराइल नहीं होता। मेरे बिना भी इजराइल नहीं होता, क्योंकि किसी अन्य राष्ट्रपति ने वह नहीं किया जो मैंने किया।'' ट्रंप ने साथ ही कहा कि उनके और नेतन्याहू के बीच अच्छे संबंध रहे हैं, लेकिन अब नेतन्याहू को लेबनान के मुद्दे पर अधिक जिम्मेदारी दिखानी होगी।
वाशिंगटन में लंबे समय तक इजराइल के समर्थन को लेकर दोनों प्रमुख दलों के बीच सहमति रही है, लेकिन हाल के वर्षों में इसमें दरारें दिखाई दी हैं। गाजा युद्ध के दौरान फलस्तीनियों के साथ इजराइल के व्यवहार को लेकर उदारवादी वर्ग में नाराजगी बढ़ी है, जबकि कुछ रूढ़िवादी समूह भी अमेरिका द्वारा इजराइल को दिए जाने वाले पारंपरिक समर्थन पर सवाल उठा रहे हैं।
ट्रंप की हालिया टिप्पणियों की कुछ वाम झुकाव वाले समूहों ने आलोचना की है। अमेरिका की ज्यूइश डेमोक्रेटिक काउंसिल की प्रमुख हैली सोइफर ने कहा कि ट्रंप इजराइल के अस्तित्व को अपने ऊपर निर्भर बताकर ऐसी बात कह रहे हैं, जिसे अधिकांश यहूदी समुदाय आपत्तिजनक मानता है।
पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन और पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी गाजा युद्ध के दौरान नेतन्याहू से असहमति जताई थी और कभी-कभी सार्वजनिक आलोचना भी की थी, लेकिन उन्होंने अपेक्षाकृत संयमित रुख अपनाया था।
इजराइल समर्थक रूढ़िवादी समूहों में ट्रंप की टिप्पणियों को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिली। रिपब्लिकन ज्यूइश कोएलिशन अध्यक्ष मैट ब्रूक्स ने इसे परिवार के सदस्यों के बीच होने वाले सामान्य मतभेद जैसा बताया और कहा कि ट्रंप का इजराइल के प्रति समर्थन लगातार मजबूत रहा है।
उन्होंने ट्रंप प्रशासन द्वारा अमेरिकी दूतावास को तेल अवीव से यरुशलम स्थानांतरित करने तथा गाजा से इजराइली बंधकों की रिहाई जैसे कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि ट्रंप की आलोचना को उनके व्यापक समर्थन के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
अमेरिका के जियोनिस्ट ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष मॉर्ट क्लेन ने कहा कि ट्रंप को ऐसी टिप्पणियां सार्वजनिक रूप से करने के बजाय निजी तौर पर करनी चाहिए थीं। उन्होंने आशंका जताई कि ट्रंप संभवतः इजराइल के आलोचकों को साधने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि अमेरिकी समाज में इजराइल के प्रति समर्थन पहले की तुलना में कम हुआ है। क्लेन ने कहा, ''यह बात मुझे चिंतित करती है।''।''
एपी मनीषा अमित
अमित
1706 1209 वाशिंगटन