भाजपा ने 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में राहुल गांधी की टिप्पणी पर कहा, 'पहले कांग्रेस को एकजुट करें'
माधव
- 12 Jun 2026, 10:23 PM
- Updated: 10:23 PM
नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को 'इंडिया' गठबंधन को एकजुट करने से जुड़े कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें विपक्षी दलों को एकजुट करने की बात करने से पहले अपनी पार्टी को एकजुट करने पर ध्यान देना चाहिए।
गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सोमवार को हुई 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) की बैठक में दिए गए अपने नौ मिनट से अधिक के भाषण का वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में गांधी ने विपक्षी नेताओं से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा को हराना आसान है ''अगर हम एकजुट होकर डटे रहें और विरोध करें।''
इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि गांधी को विपक्षी गठबंधन को एकजुट करने की बात करने से पहले कांग्रेस को एकजुट करने पर ध्यान देना चाहिए।
पूनावाला ने एक वीडियो बयान में कहा, ''राहुल गांधी ने 'इंडिया' गठबंधन से कहा कि उनका काम सबको एकजुट करना है। लेकिन पहले उन्हें अपनी पार्टी को एकजुट करना चाहिए।''
यह आरोप लगाते हुए कि गांधी का नेतृत्व कई विपक्षी दलों को स्वीकार्य नहीं है, पूनावाला ने दावा किया कि कांग्रेस के अपने सहयोगियों के साथ संबंध तनावपूर्ण हैं।
पूनावाला ने कहा, ''गांधी कहते हैं कि सबको मिलकर काम करना चाहिए। फिर भी, वही अपने सहयोगियों को धोखा देते हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनावों में ममता बनर्जी के खिलाफ प्रचार किया। उन्होंने पहले ही मौके पर द्रविड़ मनेत्र कषगम को छोड़ दिया, और फिर दावा करते हैं कि वे विपक्ष को एकजुट करना चाहते हैं।''
उन्होंने कहा, "इसीलिए आज 'इंडिया' गठबंधन में कोई भी उनकी अगुवाई स्वीकार नहीं करना चाहता। गठबंधन की बैठक में असल में कौन पहुंचा? सबसे बड़े सहयोगी समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को प्रभावी ढंग से नजरअंदाज कर दिया और बैठक से चली गई।''
पूनावाला ने कहा, ''दूसरे सबसे बड़ी सहयोगी तृणमूल कांग्रेस, बिखर गई है और 'असली' सहयोगी ने खुद को अलग कर लिया है। द्रमुक बैठक में नहीं पहुंची। आम आदमी पार्टी कहती है कि कांग्रेस 'इस्तेमाल करो और फेंक दो' की नीति अपनाती है।''
गांधी के 'सपनों की दुनिया' में रहने का दावा करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने उन पर आरोप लगाया कि जब भी चुनावी नतीजे उनकी पार्टी के पक्ष में नहीं होते, तो वे संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं।
उन्होंने कहा, ''फिर राहुल गांधी कहते हैं कि उन्हें यकीन है कि चुनाव में धांधली हुई है। टीएमसी और समाजवादी पार्टी सपनों की दुनिया में नहीं जी रही हैं, लेकिन राहुल गांधी सपनों की दुनिया में जी रहे हैं।''
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ''जब केरल में चुनाव होते हैं और कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करती है, तो सब ठीक लगता है। जब कांग्रेस अपने सहयोगी द्रमुक के साथ तमिलनाडु में जीतती है, तो चुनाव पूरी तरह स्वीकार्य होते हैं। लेकिन जब कांग्रेस हार जाती है, तो राहुल गांधी निर्वाचन आयोग को दोष देना शुरू कर देते हैं।''
उच्चतम न्यायालय द्वारा मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से जुड़ा नामांकन रद्द होने के खिलाफ कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की याचिका खारिज किए जाने का जिक्र करते हुए पूनावाला ने कहा कि इस फैसले ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ कांग्रेस के आरोपों को बेनकाब कर दिया है।
उन्होंने कहा कि मीनाक्षी नटराजन मामले में निर्वाचन आयोग के खिलाफ लगाए गए आरोप अब खारिज हो चुके हैं।
भाषा संतोष माधव
माधव
1206 2223 दिल्ली