मोदी सरकार ने विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए मजबूत नींव रखी : नड्डा
मनीषा
- 12 Jun 2026, 05:54 PM
- Updated: 05:54 PM
शिमला, 12 जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के 12 वर्ष विकास और जनकल्याण के दृष्टिकोण से ऐतिहासिक रहे हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय का कार्यभार संभाल रहे नड्डा ने कहा कि इन परिवर्तनकारी वर्षों ने वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मजबूत आधार तैयार किया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई द्वारा ''विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष'' अभियान के तहत आयोजित 'बौद्धिक सम्मेलन' को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि देश ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास देखा है और सरकार के 4,399 दिनों को भारत के इतिहास के ''स्वर्णिम युग'' के रूप में याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारतीय राजनीति जातिवाद, वंशवाद, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के इर्द-गिर्द घूमती थी तथा आम लोगों की धारणा थी कि सरकार तो बदल सकती है, लेकिन शासन व्यवस्था नहीं बदलती। नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने राजनीति को सेवा, जवाबदेही और सुशासन का माध्यम बनाकर इस सोच को बदल दिया।
नड्डा ने कहा, ''जब भारत ने आजादी के 75 साल पूरे किए, तब प्रधानमंत्री मोदी ने 'अमृतकाल' की परिकल्पना और वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प प्रस्तुत किया। इससे लोगों में यह विश्वास पैदा हुआ कि आम नागरिक भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा सकते हैं और सरकार उनकी बात सुनेगी।''
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ''सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास'' के मंत्र के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के विकास और समृद्धि को सुनिश्चित करते हुए जनता का विश्वास जीता है।
नड्डा ने दावा किया कि इस अवधि में हुए 75 प्रमुख चुनावों में भाजपा और राजग ने 43 चुनावों में जीत दर्ज की तथा वर्तमान में देश की 78 प्रतिशत आबादी भाजपा और राजग शासित राज्यों में निवास करती है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से संबंधित संविधान के अनुच्छेद-370 के प्रावधानों को निरस्त करना, अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, तीन तलाक की प्रथा समाप्त करना और नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लागू करना ऐसे ऐतिहासिक निर्णय हैं, जिन्हें पूर्ववर्ती सरकारों ने राजनीतिक कारणों से टाल रखा था।
सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए नड्डा ने कहा कि रेलवे विद्युतीकरण में 200 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों, सुरंगों, चार-लेन परियोजनाओं और आधुनिक परिवहन नेटवर्क के विस्तार से देश में संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिली है।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत देशभर में 4.30 लाख किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया गया, जिनमें हिमाचल प्रदेश में बनी 14,400 किलोमीटर सड़कें भी शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उज्ज्वला योजना ने लाखों महिलाओं को धुएं से भरे रसोईघरों से मुक्ति दिलाई तथा हिमाचल प्रदेश में लगभग 1.5 लाख परिवारों को एलपीजी कनेक्शन का लाभ मिला।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत लाखों घरों तक नल से जल पहुंचाया गया और स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया।
स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए नड्डा ने कहा कि वर्ष 2014 में देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या लगभग 376 थी, जो बढ़कर 820 से अधिक हो गई है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चंबा, हमीरपुर और नाहन में मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं तथा बिलासपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना की गई है।
नड्डा ने कहा कि रक्षा निर्यात में 5,700 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है और ब्रह्मोस मिसाइल, स्वदेशी रक्षा प्रणालियों तथा उन्नत सैन्य प्रौद्योगिकियों ने भारत की बढ़ती सामरिक क्षमता को प्रदर्शित किया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के प्रति कतई न बर्दाश्त करने की नीति अपनाई और भारत को ऐसा राष्ट्र बनाया जो आतंकवाद का निर्णायक जवाब देता है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और विकास संबंधी पहलों को भी मजबूत किया गया है।
भाषा रविकांत मनीषा
मनीषा
1206 1754 शिमला