नगालैंड के मंत्रियों ने मणिपुर में छह नगा लोगों की हत्या की निंदा की
नरेश
- 12 Jun 2026, 02:57 PM
- Updated: 02:57 PM
कोहिमा, 12 जून (भाषा) मणिपुर पुलिस द्वारा छह लोगों के शव बरामद किए जाने के बाद नगालैंड के मंत्रियों ने शुक्रवार को इन ''हत्याओं'' को चौंकाने वाला और शांति बहाल करने की कोशिशों के लिए झटका बताया। संदेह है कि ये शव हथियारबंद समूहों द्वारा बंधक बनाए गए लापता नगा पुरुषों के हैं।
नगा लोगों के शव 10 जून को मिले। यह घटनाक्रम उन 14 कुकी लोगों के रिहा होने के एक दिन हुआ, जिन्हें लगभग एक महीने पहले मणिपुर के सेनापति ज़िले में हथियारबंद समूहों ने अगवा कर लिया था।
पुलिस का मानना है कि 10 जून को बरामद किए गए छह शव उन्हीं नगा नागरिकों के हैं, जिनका 13 मई 2026 को कांगपोकपी जिले के लेइलोन वैफेई गांव से अपहरण किया गया था।
तेरह मई को कांगपोकपी ज़िले में चर्च के तीन नेताओं की हत्या के बाद अपहृत किए गए लोगों में ये 14 कुकी और छह नगा लोग भी शामिल थे।
गृह विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे नगालैंड के उपमुख्यमंत्री यांथुंगो पैटन ने शुक्रवार को कोहिमा में पत्रकारों से कहा कि नगा समुदाय के छह नागरिकों की हत्या ''अत्यंत दुखद'' है।
उन्होंने कहा, ''यह अत्यंत दुखद है और हमने कभी नहीं सोचा था कि कुकी उग्रवादी हमारे आम नागरिकों का नरसंहार करेंगे। जब नगा उग्रवादियों ने 14 कुकी नागरिकों को अगवा किया था, तो उन्हें बिना किसी नुकसान के छोड़ दिया गया, लेकिन मुझे नहीं पता कि नगा समुदाय के छह लोगों को क्यों मार दिया गया। यह बहुत दुखद है।''
पैटन ने कुकी, नगा और मैइती समूहों से अपने इलाकों में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
वहीं, नगालैंड के मंत्री तेमजेन इम्ना अलोंग ने कांगपोकपी में हुई घटना को चौंकाने वाला बताया।
उन्होंने कहा, ''कांगपोकपी में हाल ही में हुई घटना चौंकाने वाली होने के साथ ही मानवता के मूल आधार को तोड़ती है, जिसमें छह नगा लोगों की हत्या कर दी गई।''
अलोंग ने कहा, ''नगा समूहों द्वारा 14 कुकी लोगों को रिहा किए जाने के बाद, यह उम्मीद थी कि आपसी समझ के ज़रिए शांति बहाल होगी तथा छह नगा लोगों को भी रिहा कर दिया जाएगा।''
उन्होंने कहा, ''हम प्रार्थना करते हैं कि विवेक बना रहे और सभी समुदाय खुशहाली एवं शांति के लिए खुद को समर्पित करें, न कि ऐसी हिंसक घटनाओं में शामिल हों जो समुदायों के बीच भरोसे को कम करती हैं।''
भाषा
नेत्रपाल नरेश
नरेश
1206 1457 कोहिमा