राजस्थान से राज्यसभा के लिए भाजपा के दो और कांग्रेस का एक उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित
पृथ्वी रवि कांत
- 11 Jun 2026, 08:26 PM
- Updated: 08:26 PM
जयपुर, 11 जून (भाषा) राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो और कांग्रेस के एक उम्मीदवार बृहस्पतिवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नामांकन वापस लेने की समयसीमा समाप्त होने के बाद मैदान में कोई अन्य उम्मीदवार नहीं बचा था। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा के सतीश पूनिया और अलका गुर्जर तथा कांग्रेस के नीरज डांगी को संसद के उच्च सदन के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
अधिकारियों के अनुसार, वैध रूप से नामित उम्मीदवारों की संख्या रिक्त सीटों के बराबर रहने के कारण तीनों उम्मीदवारों को निर्वाचित घोषित किया गया।
राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराया जा रहा था, क्योंकि कांग्रेस सांसद नीरज डांगी तथा भाजपा सांसद राजेंद्र गहलोत और रवनीत सिंह का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।
राजस्थान विधानसभा में इस सप्ताह हुई जांच के दौरान तीनों उम्मीदवारों द्वारा दाखिल सभी नौ नामांकन पत्र वैध पाए गए थे।
पूनिया और गुर्जर के निर्वाचित होने के साथ भाजपा ने तीन में से दो सीटें अपने खाते में दर्ज कीं, जबकि कांग्रेस ने डांगी के पुनर्निर्वाचन के साथ अपनी एक सीट बरकरार रखी।
राजस्थान से राज्यसभा की कुल 10 सीटें हैं, जिनमें पांच-पांच सीटें भाजपा और कांग्रेस के पास हैं।
निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद सतीश पूनिया ने संवाददाताओं से कहा, ''मैं संसद के उच्च सदन में जनहित से जुड़े मुद्दों को तार्किक ढंग से उठाऊंगा। पार्टी ने मेरे लिए जो निर्णय किया है, उससे मैं पूरी तरह संतुष्ट हूं।''
अलका गुर्जर ने कहा, ''पार्टी नेतृत्व ने मुझ पर भरोसा कर जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे मैं पूरी लगन और संकल्प के साथ निभाऊंगी। मैं राज्यसभा में सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जनहित के मुद्दों को उठाऊंगी।''
कांग्रेस नेता नीरज डांगी ने कहा, ''मैं राज्य और केंद्रीय स्तर के पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझ पर दोबारा विश्वास जताया। पार्टी ने जो भरोसा मुझ पर किया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।''
सतीश पूनिया राजस्थान भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से भूगोल विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उनका राजनीतिक जीवन छात्र राजनीति से शुरू हुआ और वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े रहे। इसके बाद उन्होंने भाजपा में विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाईं, जिनमें प्रदेश महासचिव, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तथा हरियाणा प्रभारी जैसे पद शामिल हैं। वह वर्ष 2018 में आमेर से विधायक निर्वाचित हुए और 2019 में राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने।
अलका गुर्जर भाजपा की वरिष्ठ नेता हैं और वर्तमान में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हैं। वह डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त कर चुकी हैं तथा प्रदेश उपाध्यक्ष और पार्टी प्रवक्ता सहित कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक पदों पर कार्य कर चुकी हैं। वर्ष 2013 में वह बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुनी गई थीं। उनके पति नाथू सिंह गुर्जर भाजपा के वरिष्ठ नेता और राजस्थान सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके हैं।
नीरज डांगी वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं। पेशे से इंजीनियर डांगी ने कर्नाटक के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से सिविल इंजीनियरिंग में बीई की डिग्री प्राप्त की है। वह दो दशक से अधिक समय से कांग्रेस से जुड़े हैं और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सहित कई प्रमुख संगठनात्मक पदों पर कार्य कर चुके हैं। वह वर्ष 2020 में पहली बार राजस्थान से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत
1106 2026 जयपुर