गुरुग्राम में सड़क हादसे के बाद महिला से अभद्रता, दो आरोपी गिरफ्तार
संतोष
- 09 Jun 2026, 12:03 AM
- Updated: 12:03 AM
गुरुग्राम, आठ जून (भाषा) गुरुग्राम में राजीव चौक के पास कई वाहनों की टक्कर के बाद कार सवार कुछ लोगों ने वाहन (एसयूवी) चला रही 41 वर्षीय महिला से अभद्रता करने के साथ उसे धमकी दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि तीन अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
शिकायत के अनुसार, महिला ने कहा कि यह घटना छह जून की रात आठ बजकर 10 मिनट पर राजीव चौक फ्लाईओवर के पास उस समय हुई जब वह फ्लाईओवर पर दाहिनी लेन में वाहन चला रही थी और तभी उसके आगे चल रहा वाहन अचानक रुक गया।
महिला ने कहा कि उसने नियंत्रित तरीके से ब्रेक लगाए लेकिन कुछ ही क्षणों में पीछे से उसके वाहन को जोरदार टक्कर लगी जो बेहद भीषण थी।
उसने कहा कि इसी दौरान पीछे से बहुत तेज गति से आ रहा एक अन्य वाहन जोरदार तरीके से वाहनों से टकराया, जिससे कई वाहनों की श्रृंखलाबद्ध टक्कर हुई और महिला के वाहन सहित कई वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों का वाहन इतनी तेज गति में था कि उसके एयरबैग खुल गए और उसने आगे चल रही तीनों कारों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
उसने कहा कि इससे पहले कि वह स्थिति को ठीक से समझ पाती, टक्कर मारने वाले वाहन से पांच-छह पुरुष बाहर निकले और गुस्से में उसे डराने-धमकाने लगे। उसने कहा कि वे सभी बहुत अधिक नशे में प्रतीत हो रहे थे।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे अपशब्द कहे और उसकी सहमति के बिना उसके वीडियो बनाए। उन्होंने कैमरे के सामने महिला के खिलाफ झूठे आरोप भी लगाए।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने की धमकी दी। उसने आरोप लगाया कि एक आरोपी ने उसके वाहन का जानबूझकर शीशा तोड़ दिया और उसे ''अनुचित तरीके से'' छूने की कोशिश की।
महिला के अनुसार, एक अन्य आरोपी ने खुलेआम कहा कि वह ''मुझे राजमार्ग पर चलती गाड़ियों के सामने फेंक देगा।''
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के नाहरा गांव निवासी कमल वर्मा (22) और दिल्ली के बख्तावरपुर निवासी सुजल वर्मा (29) के रूप में हुई है।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि दोनों आरोपी पहले भी सोनीपत जिले में दर्ज एक आपराधिक मामले में शामिल रहे हैं। यह मामला सार्वजनिक मार्ग में बाधा डालने और सार्वजनिक स्थान पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने से संबंधित है। आरोपियों को सोमवार को शहर की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा सिम्मी संतोष
संतोष
0906 0003 गुरुग्राम