बिहार के मंत्री के वाहन पर पथराव, सात गिरफ्तार ; मंत्री सुरक्षित
राजकुमार
- 08 Jun 2026, 10:07 PM
- Updated: 10:07 PM
मधुबनी, आठ जून (भाषा) बिहार के श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के वाहन पर मधुबनी जिले में कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर पथराव किया गया, जिससे उसके सामने का शीशा टूट गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब मंत्री एक सड़क दुर्घटना में मर गए व्यक्ति के परिजनों से मिलने गए थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पथराव में मंत्री को कोई चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मधुबनी पुलिस ने एक बयान में बताया कि मंत्री रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे खजौली थाना क्षेत्र के ताहर गांव पहुंचे थे जहां वह शुक्रवार रात सड़क दुर्घटना में मर गए व्यक्ति के परिजनों को सांत्वना देने गए थे।
पुलिस के मुताबिक मंत्री के दौरे के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने मौके पर मौजूद महिलाओं के एक समूह को उकसाया और उन्हें वाहन के सामने खड़ा कर दिया।
बयान के अनुसार इसके बाद समूह ने विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी तथा कथित तौर पर पथराव किया जिससे वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
बयान में कहा गया है कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने मंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित की और उनके वाहन को सुरक्षित वहां से निकाला।
घटना की सूचना मिलने के बाद मिथिला प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) और मधुबनी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और मंत्री से भी मुलाकात की।
पुलिस के मुताबिक घटना में कथित रूप से शामिल सभी लोगों की पहचान कर ली गई है तथा संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मधुबनी के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुख्यालय-02 के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद सोमवार को सात लोगों को गिरफ्तार किया गया और वे बीना देवी, शीतला देवी, रंजू देवी, बद्री मंडल, विवेक कुमार यादव, राजदेव यादव और सुनील कुमार सिंह हैं। सभी ठाहर गांव के निवासी हैं।
इधर, बिहार सरकार के खान-भूतत्व एवं कला-संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी ने श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए इस घटना के लिए पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनके परिवार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।
उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी अपने आवास को लेकर जानबूझकर अपने समर्थकों को उकसाने का काम कर रही हैं, जिसके परिणामस्वरूप इस तरह की हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं।
मंत्री ने कहा, ''बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में अपराधियों के हौसले पस्त किए जा रहे हैं, लेकिन राबड़ी देवी की घृणा की राजनीति कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती पेश करने की कोशिश कर रही है।"
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार
0806 2207 मधुबनी