उपराज्यपाल ने नार्को-आतंकी नेटवर्क को खत्म करने का संकल्प लिया
नेत्रपाल
- 06 Jun 2026, 05:45 PM
- Updated: 05:45 PM
जम्मू, छह जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को किश्तवाड़ जिले में एक विशाल मादक पदार्थ-रोधी पदयात्रा का नेतृत्व किया।
पदयात्रा के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने केंद्र शासित प्रदेश में नशामुक्त समाज के निर्माण और मादक पदार्थों के खतरे से निपटने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
उपराज्यपाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 56 दिनों में 19 जिलों में चलाए गए नशामुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान ने अनगिनत लोगों के जीवन को प्रभावित किया है और यह नशाखोरी के खिलाफ एक सशक्त आंदोलन के रूप में उभरा है।
सिन्हा ने कहा, "आज, जब नशामुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान किश्तवाड़ में एक विशाल पदयात्रा के साथ समाप्त हो रहा है, नागरिकों ने इस उद्देश्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को जोरदार तरीके से दोहराया है। हमारा लक्ष्य नशाखोरी के खिलाफ जमीनी स्तर पर प्रतिरोध को बढ़ावा देना और नार्को-आतंकवाद को समाप्त करना है।"
उन्होंने कहा, ''हर आवाज मायने रखती है, हर कार्रवाई महत्वपूर्ण है तथा साथ मिलकर हम एक सुरक्षित और स्वस्थ केंद्र शासित प्रदेश बना सकते हैं।''
सिन्हा ने जोर देकर कहा कि प्रशासन हर स्तर पर मादक पदार्थों के व्यापार की कड़ी को तोड़ रहा है और मादक पदार्थों से जुड़ी आतंकवाद रोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहा है।
उन्होंने कहा, "हम मादक पदार्थों के व्यापार की हर कड़ी को तोड़ रहे हैं। चाहे सीमा पार तस्कर हों, मादक पदार्थ तस्कर हों या आतंकी संगठनों को वित्तपोषित करने वाले हों, किसी को पनाह नहीं मिलेगी। हमारी एजेंसियां हर नार्को-आतंकवादी का पीछा कर रही हैं और उनके नेटवर्क को पूरी तरह से नष्ट कर रही हैं।"
जम्मू-कश्मीर के भविष्य को संवारने में युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें अपनी क्षमता का एहसास कराने के अवसर प्रदान करने की समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा, "हमारा भविष्य युवाओं का है और समाज को नशामुक्त बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। जब जम्मू-कश्मीर के युवा नशा से ऊपर उठते हैं, तो उन्हें कोई रोक नहीं सकता। आइए, हम उन्हें बड़े सपने देखने, जीवन जीने और उद्देश्यपूर्ण नेतृत्व करने के लिए सशक्त बनाएं।"
सिन्हा ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के व्यापार और आतंकवाद के वित्तपोषण में शामिल लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
उपराज्यपाल ने ''माताओं, बहनों और बेटियों'' से अपने गांवों, कस्बों और मोहल्लों की रक्षक बनने का आह्वान किया, साथ ही युवाओं से मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई में अपने स्कूलों और कॉलेजों के संरक्षक बनने का आग्रह किया।
पदयात्रा में नागरिकों, युवा समूहों, छात्रों, नागरिक समाज के सदस्यों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल
0606 1745 जम्मू