डीयू की सहायक प्रोफेसर पॉल के निधन पर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने कहा: वह बहुत दयालु थीं
राजकुमार
- 05 Jun 2026, 09:00 PM
- Updated: 09:00 PM
नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की एक सहायक प्रोफेसर की मौत से उनके सहकर्मी और विद्यार्थी सदमे में हैं तथा उनके कॉलेज के प्राचार्य ने उन्हें एक समर्पित शिक्षिका बताया है।
इन लोगों ने कहा कि मृत्यु से पहले उनमें परेशानी के कोई स्पष्ट लक्षण नजर नहीं आये।
दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज में अंग्रेजी विभाग की सहायक प्रोफेसर देवस्मिता पॉल बृहस्पतिवार को पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव में अपने आवास पर मृत पाई गईं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए शिवाजी कॉलेज के प्राचार्य वीरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि पॉल अपने ढाई साल के कार्यकाल के दौरान संस्थान का अभिन्न अंग बन गई थीं।
भारद्वाज ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''वह बहुत मेहनती थीं और कला से उनका विशेष लगाव था। हालांकि वह अंतर्मुखी थीं, लेकिन सांस्कृतिक गतिविधियों को लेकर हमेशा बहुत उत्साहित रहती थीं। हमारे विद्यार्थी जहां भी किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम में जाते थे , वह उनके साथ जाती थीं।''
उन्होंने कहा कि पॉल शिवाजी कॉलेज में शामिल होने से पहले महाराजा अग्रसेन कॉलेज में पढ़ाती थी।
उन्होंने कहा, ''वह लगभग ढाई साल से हमारे साथ थीं और कॉलेज परिवार का अभिन्न अंग बन चुकी थीं। बृहस्पतिवार को कॉलेज कार्यालय ने कुछ नियमित काम के सिलसिले में उनसे संपर्क करने की कोशिश की। जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया, तो मैंने भी उन्हें फोन करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।"
भारद्वाज ने बताया कि कॉलेज को घटना की जानकारी दोपहर बाद तब मिली जब मौत की खबर फैलने लगी।
उन्होंने कहा, ''आखिरकार, दोपहर करीब तीन-चार बजे हमें इसके बारे में पता चला जब खबर फैलने लगी थी। यह हम सभी के लिए एक गहरा सदमा था।''
प्राचार्य ने कहा, '' हममें से किसी को कुछ नहीं पता है। वह कभी तनावग्रस्त नहीं दिखीं और न ही उन्होंने कभी किसी तरह की परेशानी के लक्षण दिखाए।''
शुक्रवार को कॉलेज में एक शोक सभा का आयोजन किया गया, जहां विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने मृत शिक्षिका को श्रद्धांजलि अर्पित की।
एक छात्र ने नाम न बताने की शर्त पर 'पीटीआई-भाषा' से कहा,''यह वाकई चौंकाने वाला था। हम उन्हें हमेशा एक बहुत ही दयालु महिला के रूप में जानते थे। किसी को भी उनसे कोई समस्या नहीं थी और विद्यार्थी उनका सम्मान करते थे।''
एक अन्य छात्र ने इस खबर को कॉलेज समुदाय के लिए "एक बहुत बड़ा झटका" बताया और कहा कि कई विद्यार्थी उनकी मौत की बात हजम नहीं कर पा रेह हैं।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को दोपहर लगभग 2.35 बजे न्यू अशोक नगर थाने में एक महिला की कॉल कॉल आयी, जिसने बताया कि उसकी बहन की हत्या कर दी गई है और उसका शव वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट्स के एक फ्लैट के अंदर पड़ा है। बाद में मृत महिला की पहचान देवस्मिता पॉल के रूप में हुई।
भाषा तान्या राजकुमार
राजकुमार
0506 2100 दिल्ली