पश्चिम बंगाल सरकार सीमा पर बाड़बंदी के लिए 45 दिनों में जमीन देने को प्रतिबद्ध:मंत्री कीर्तनिया
संतोष
- 17 May 2026, 06:36 PM
- Updated: 06:36 PM
(तस्वीर के साथ)
बनगांव(प.बंगाल), 17 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मंत्री अशोक कीर्तनिया ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार बांग्लादेश से लगती सीमा पर बाड़बंदी करने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को 45 दिनों के भीतर भूमि सौंपने के लिए प्रतिबद्ध है।
उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक और राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कीर्तनिया ने भूमि अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा करने और जमीनी स्तर के घटनाक्रम का आकलन करने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों के साथ यहां बैठक की।
उन्होंने कहा कि उत्तर 24 परगना जिले के अधिकांश हिस्सों में भूमि अधिग्रहण संतोषजनक ढंग से आगे बढ़ रहा है, लेकिन बसीरहाट क्षेत्र में प्रतिरोध है।
कीर्तनिया ने संवाददाताओं से कहा, ''मैंने जिलाधिकारी से बात की और मुझे बताया गया कि बसीरहाट के तीन मौजों को छोड़कर कोई समस्या नहीं है। बसीरहाट के कुछ निवासी बाड़ वाले क्षेत्र से हटने से इनकार कर रहे हैं और बाड़ के अंदर आने वाले कुछ परिवार पुनर्वास से इनकार कर रहे हैं।''
मंत्री ने कहा कि उन्होंने जिलाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर गतिरोध को हल करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा, ''मैंने जिलाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर उन लोगों को मनाने के लिए कहा है।''
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली नव निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)सरकार ने 11 मई को अपनी पहली कैबिनेट बैठक में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़बंदी पूरी करने के लिए बीएसएफ को जमीन हस्तांतरित करने का फैसला किया था, जिसके लिए 45 दिनों की समय सीमा तय की गई थी। मंत्रिमंडल ने बीएसएफ को लगभग 600 एकड़ जमीन हस्तांतरित करने की मंजूरी दी थी।
भारत-बांग्लादेश के बीच करीब 4,097 किलोमीटर लंबी सीमा है जिसमें से 2,217 किलोमीटर का हिस्सा पश्चिम बंगाल से लगता है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में 2,217 किलोमीटर में से लगभग 1,648 किलोमीटर हिस्से में बाड़ लगाई जा चुकी है, जबकि 569 किलोमीटर बिना बाड़ के है, जिसमें से 456 किलोमीटर में बाड़ लगाना संभव है।
भाजपा ने ममता बनर्जी की पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर बाड़ लगाने के लिए भूमि अधिग्रहण में लगातार देरी करने का आरोप लगाया था। हालांकि, तृणमूल ने इन आरोपों का खंडन किया था।
भाषा धीरज संतोष
संतोष
1705 1836 बनगांव