निष्कासित विधायक कामराज को अयोग्यता का सामना करना पड़ेगा: एएमएमके प्रमुख दिनाकरन
सुरेश
- 17 May 2026, 05:39 PM
- Updated: 05:39 PM
तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु), 17 मई (भाषा) अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) प्रमुख टी टी वी दिनाकरन ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी के विधायक एस. कामराज को अयोग्यता कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
कामराज ने विश्वास मत के दौरान तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार का समर्थन किया था।
एएमएमके ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 11 सीटों पर चुनाव लड़ा था और केवल मन्नारगुडी सीट जीती थी। एएमएमके राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का घटक दल है। गठबंधन में अन्नाद्रमुक, भारतीय जनता पार्टी, पट्टाली मक्कल काची शामिल हैं।
एएमएमके उम्मीदवार एस कामराज ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के वरिष्ठ नेता टी आर बी राजा को 1,566 मतों से हराकर चुनाव जीता था।
कामराज के सत्तारूढ़ टीवीके को "एकतरफा" समर्थन देने के कारण दिनाकरन ने 12 मई को उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
उन्होंने कहा था, "कामराज द्वारा किया गया कृत्य एएमएमके कार्यकर्ताओं, गठबंधन दलों के उन कार्यकर्ताओं के साथ बड़ा विश्वासघात है जिन्होंने उन पर भरोसा कर उन्हें वोट दिया।"
यह घटनाक्रम दिनाकरन द्वारा टीवीके पर "विधायक की खरीद-फरोख्त" के आरोप लगाने के कुछ दिन बाद सामने आया है। टीवीके ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।
दिनाकरन ने यहां संवाददाताओं से कहा, "मैंने अब कामराज को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। अगर वह दूसरी तरफ (टीवीके) जाकर मंत्री बनना चाहते हैं और उन्हें पद मिलता है, तो वह ऐसा करें। फिर हम अगले कदम के बारे में सोचेंगे। केवल एक विधायक के दल बदलने पर भी अयोग्यता के प्रावधान लागू होंगे।"
उन्होंने आरोप लगाया, "कामराज सोचते हैं कि वह पार्टी के अकेले विधायक हैं, इसलिए हम उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकते, लेकिन हम आवश्यक कदम उठाएंगे। टीवीके द्वारा उनका समर्थन स्वीकार करना कानूनी रूप से संदिग्ध है, जिसे हम "विधायक की खरीद-फरोख्त" का मामला मानते हैं। हम कड़ा विरोध करेंगे।"
दिनाकरन ने एम जी रामचंद्रन और पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता की विरासत का उल्लेख करते हुए पार्टी नेताओं से एकजुट रहने और ऐसे जल्दबाजी भरे फैसलों से बचने की अपील की, जो "कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा सकते हैं।"
एएमएमके प्रमुख ने यह भी विश्वास जताया कि अन्नाद्रमुक अपनी चुनौतियों से उबरकर आगामी लोकसभा चुनाव में "इतिहास रचेगी।"
भाषा राखी सुरेश
सुरेश
1705 1739 तिरुचिरापल्ली