कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान में हथिनी ने दिया जुड़वां शावकों को जन्म
नेत्रपाल
- 17 May 2026, 05:20 PM
- Updated: 05:20 PM
नैनीताल, 17 मई (भाषा) उत्तराखंड के कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान में एक हथिनी ने स्वस्थ जुड़वां शावकों को जन्म दिया है। वन्यजीव विशेषज्ञ इसे बेहद दुर्लभ घटना मान रहे हैं, जबकि इस खबर से पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों में उत्साह है।
कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान के गर्जिया पर्यटन क्षेत्र में जुड़वां शावकों के जन्म के बाद वन विभाग ने निगरानी तेज कर दी है।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि हथिनी और उसके नवजात शावकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
इसकी जानकारी तब मिली जब वन्यजीव प्रेमी संजय छिमवाल ने जंगल सफारी के दौरान कैमरे से हथिनी के परिवार की तस्वीरें लीं।
छिमवाल ने मंगलवार को पहली बार दोनों शावकों को देखा।
उन्होंने कहा, ''दोनों शावक अपनी मां के साथ सुरक्षित थे और दूध पीते नजर आए। यह नजारा बेहद अनोखा और रोमांचक था।''
अधिकारियों के मुताबिक, उत्तराखंड में सबसे ज्यादा हाथी कॉर्बेट क्षेत्र में हैं और यहां हाथियों की आबादी 1,200 से अधिक दर्ज है।
राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक साकेत बडोला ने कहा कि कॉर्बेट बाघ अभयारण्य और शिवालिक हाथी अभयारण्य हाथी संरक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं।
उन्होंने कहा कि जुड़वां शावकों का जन्म इस क्षेत्र में सकारात्मक, सुरक्षित और स्वस्थ वन्यजीव पर्यावरण का संकेत है।
बडोला ने कहा कि हथिनी का गर्भकाल 22 से 24 महीने का होता है। उन्होंने कहा कि इतने लंबे गर्भकाल के बाद जुड़वां शावकों का जन्म असाधारण घटना है, क्योंकि हाथी आमतौर पर एक ही शावक को जन्म देते हैं।
वन्यजीव विशेषज्ञ सतप्रीत सिंह शेट्टी ने बताया कि हाथियों में केवल एक फीसदी मामलों में जुड़वां बच्चे होते हैं। उन्होंने कहा कि दो साल के गर्भकाल के बाद एक हथिनी का दो स्वस्थ शावकों को जन्म देना और उनकी देखभाल करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं आश्चर्यजनक है।
अधिकारियों ने कहा कि यह घटना अभयारण्य में जारी संरक्षण प्रयासों की सफलता को दर्शाती है, और सुरक्षित वन क्षेत्र, पर्याप्त भोजन तथा अनुकूल वातावरण यहां हाथियों की बढ़ती आबादी में सहायक है।
इस खबर के बाद गर्जिया पर्यटन क्षेत्र में पर्यटकों की आमद बढ़ गई है, और वे हाथी परिवार की एक झलक पाने के लिए अभयारण्य आ रहे हैं।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल
1705 1720 नैनीताल