मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुरू किया ऑनलाइन बैठकों का सिलसिला
माधव
- 15 May 2026, 08:49 PM
- Updated: 08:49 PM
नयी दिल्ली, 15 मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार से ऑनलाइन बैठकों का सिलसिला शुरू कर अधिकारियों को सरकार के निर्णयों को लागू करने का निर्देश दिया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने एक दिन पहले ईंधन बचाने के लिए 90 दिवसीय 'मेरा भारत मेरा योगदान' नाम से एक अभियान शुरू करने की घोषणा की थी जिसके तहत सरकार की 50 प्रतिशत बैठकें ऑनलाइन आयोजित की जानी है।
बयान के मुताबिक, गुप्ता ने इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण, संसाधनों की बचत और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के आह्वान को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक स्तर पर ऑनलाइन बैठकों की श्रृंखला शुरू कर दी है।
गुप्ता ने सचिवालय में संभागीय आयुक्त, सभी जिलाधिकारियों (डीएम) और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर सरकार के निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अधिकतम सरकारी बैठकों को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया जाए ताकि ईंधन, समय और संसाधनों की बचत सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने सभी विभागों को बिजली की खपत कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाने, कार्यालयों में ऊर्जा बचत के उपाय अपनाने तथा जिम्मेदार प्रशासनिक कार्यशैली विकसित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने वाहनों के ईंधन खर्च में कम से कम 20 प्रतिशत तक कमी सुनिश्चित करें।
गुप्ता ने 'मेट्रो मंडे' पहल को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि अधिकारी और कर्मचारी सप्ताह में एक दिन मेट्रो तथा सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम उपयोग करें, ताकि आमजन के बीच सकारात्मक संदेश जाए। इसके साथ ही उन्होंने सप्ताह में एक दिन 'नो व्हीकल डे (वाहन रहित दिवस)' को भी प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि अटल कैंटीन, आरोग्य मंदिर, अग्निशमन विभाग के कार्यालयों तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े केंद्रों का नियमित दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए।
मुख्यमंत्री ने मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जाए जहां जलभराव होता है, वहां समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी इलाके में नाले खुले न रहें और खतरनाक पेड़ों को तुरंत हटाया जाए ताकि बरसात के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव
1505 2049 दिल्ली