नूर और कंबोज की मदद से सीएसके ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट पर 159 रन पर रोका
नमिता
- 02 May 2026, 09:59 PM
- Updated: 09:59 PM
चेन्नई, दो मई (भाषा) अफगानिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर नूर अहमद (26 रन देकर दो विकेट) ने अनुशासित गेंदबाजी की अगुवाई की जिसकी बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एक अहम मैच मे मुंबई इंडियंस को सात विकेट पर 159 रन पर रोक दिया।
नूर के अलावा अंशुल कंबोज ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद मेहमान टीम का प्रदर्शन काफी फीका रहा जिसमें केवल नमन ही कुछ देर टिककर खेल सके। उन्होंने 37 गेंद की पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए। उनके अलावा रेयान रिकेलटन ने 37 रन और सूर्यकुमार यादव ने 21 रन का योगदान दिया।
मुंबई इंडियस के कप्तान हार्दिक पंड्या का 23 गेंद में 18 रन बनाना टीम के संघर्ष की कहानी बयां करता है।
मुकेश चौधरी ने सीएसके के लिए बेहतरीन शुरुआत की और पहले ही ओवर में सिर्फ एक रन दिया। इसके बाद आईपीएल में पदार्पण कर रहे रामकृष्ण घोष ने दूसरे ओवर में अंशुल कंबोज की गेंद पर विल जैक्स का एक शानदार कैच लपककर प्रभावित किया।
जैक्स ने ऑफ-स्टंप के बाहर आती गेंद पर आगे बढ़कर शॉट लगाने की कोशिश की और रामकृष्ण ने डीप बैकवर्ड प्वाइंट से दौड़ते हुए डाइव लगाकर कैच लिया जिससे एम ए चिदंबरम स्टेडियम में मौजूद दर्शक खुशी से झूम उठे।
लगातार निराशाजनक प्रदर्शनों के बाद दोनों ही टीम का टूर्नामेंट में आगे का सफर अब इस मैच के नतीजे पर ही टिका हुआ है।
नमन धीर ने पारी की पहली बाउंड्री लगाई जब उन्होंने गेंद को फ्लिक करने की कोशिश की जो उनके बल्ले से लगकर डीप फाइन लेग की ओर हवा में उड़ गई।
शानदार फॉर्म में चल रहे रेयान रिकेलटन ने मुकेश की गेंदों पर एक्सट्रा कवर के ऊपर और डीप मिडविकेट के ऊपर लगातार दो छक्के जड़े।
फिर नमन भी लय में आ गए और उन्होंने कंबोज की गेंद पर एक जोदार छक्का जड़ दिया।
फिर सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने प्रशांत वीर को गेंदबाजी के लिए बुलाया और रिकेलटन ने उनका स्वागत तीन छक्कों के साथ किया। यह ओवर मुंबई इंडियंस के लिए काफी फायदेमंद साबित हुआ जिससे उन्हें कुल 18 रन मिले।
नमन ने मुकेश की गेंद पर अपना दूसरा छक्का जड़ा और इस तरह मुंबई इंडियंस ने पावरप्ले का समापन एक विकेट पर 57 रन के साथ किया।
नमन जब 19 रन पर थे तब शिवम दुबे ने उनका कैच छोड़ दिया था जो बहुत ही आसान कैच था। लेकिन सीएसके ने तुरंत वापसी करते हुए रिकेलटन का बड़ा विकेट ले लिया।
बाएं हाथ के स्पिनर नूर अहमद ने उन्हें तब आउट किया जब रिकेलन ने घुटने पर बैठकर डीप मिडविकेट की तरफ शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे उर्विल पटेल के हाथों में चली गई।
रामकृष्ण ने अपने पदार्पण ओवर में सिर्फ सात रन दिए जिसमें सूर्यकुमार यादव (12 गेंद) का लगाया एक छक्का भी शामिल था। सूर्यकुमार ने नूर की गेंद पर भी एक छक्का और एक चौका जड़ा था
पर सूर्यकुमार अपनी तेज शुरुआत को एक बड़ी पारी में बदलने में फिर नाकाम रहे। रामकृष्ण की गेंद को उन्होंने कवर के ऊपर से निकालने की कोशिश की, लेकिन डीप में लपके गए। रामकृष्ण ने इस तरह अपना पहला आईपीएल विकेट हासिल किया।
मुंबई इंडियंस ने बीच के ओवरों में काफी डॉट गेंद खेली और तिलक वर्मा का बड़ा विकेट गंवा दिया जिन्होंने एक टर्न होती गेंद पर स्वीप शॉट लगाने की कोशिश की जो उनके बल्ले के ऊपरी किनारे पर लगकर गायकवाड़ के हाथों में समां गई।
फिर हार्दिक कोई बड़ा शॉट लगाने में नाकाम रहे।
भाषा नमिता
नमिता
नमिता
0205 2159 चेन्नई