ईरान ने युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका को नया प्रस्ताव भेजा
सुभाष
- 01 May 2026, 10:33 PM
- Updated: 10:33 PM
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, एक मई (भाषा) ईरान ने दो महीने से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका को एक नया प्रस्ताव भेजा है, क्योंकि फारस की खाड़ी में दुनिया के प्रमुख समुद्री मार्ग-होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही अब भी बाधित है। शुक्रवार को स्थानीय मीडिया की खबरों से यह जानकारी सामने आई।
ईरान की ओर से नया प्रस्ताव ऐसे समय में आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि तेहरान युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता करने को बेताब है, क्योंकि वाशिंगटन की ओर से ईरान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाने के बाद उसकी अर्थव्यवस्था दयनीय स्थिति में है।
हालांकि, अमेरिकी मीडिया की खबरों में ईरान के नये प्रस्ताव के बारे में कोई विवरण नहीं दिया गया है।
इससे पहले, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और युद्ध समाप्त करने की पेशकश की थी, लेकिन वह अपने परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत को बाद की तारीख तक स्थगित करना चाहता था।
'एक्सियोस' ने मामले की "जानकारी रखने वाले एक सूत्र" के हवाले से खबर दी कि ट्रंप ने प्रस्ताव को खारिज कर दिया था और वार्ताकारों से परमाणु मुद्दे को मसौदा पाठ में फिर से शामिल करने के लिए कहा था।
खबर के अनुसार, अमेरिका ने जिन संशोधनों के लिए कहा था, उनमें यह मांग शामिल थी कि ईरान इस बात के लिए प्रतिबद्ध हो कि जब तक बातचीत जारी रहेगी, वह बमबारी से क्षतिग्रस्त परमाणु संयंत्रों से संवर्धित यूरेनियम बाहर ले जाने या उन स्थलों पर किसी भी तहत की गतिविधि को फिर से शुरू करने का प्रयास नहीं करेगा।
व्हाइट हाउस (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास और कार्यालय) की प्रवक्ता एन्ना केली ने शुक्रवार को 'फॉक्स न्यूज डिजिटल' से कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार संपन्न देश नहीं बन सकता। अमेरिका की अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बातचीत जारी है।"
केली की यह टिप्पणी उन खबरों के बारे में पूछे जाने पर आई कि ईरान ने अमेरिका के साथ संघर्ष को समाप्त करने के सिलसिले में पाकिस्तान को अपनी नवीनतम वार्ता की योजना से अवगत करा दिया है।
केली ने कहा, "हम निजी राजनयिक बातचीत का विवरण साझा नहीं करते हैं।"
तेहरान ने 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका-इजराइल के आक्रमण के तुरंत बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को प्रभावी रूप से बंद कर दिया था। आठ अप्रैल को युद्ध-विराम की घोषणा के बाद से अमेरिका ने जलडमरूमध्य के माध्यम से ईरान से आने-जाने वाले जहाजों के आवागमन पर रोक लगा दी है।
भाषा पारुल सुभाष
सुभाष
0105 2233 वाशिंगटन