रिकेल्टन का शतक, मुंबई इंडियन्स ने सनराइजर्स को 244 रन का लक्ष्य दिया
नमिता
- 29 Apr 2026, 09:38 PM
- Updated: 09:38 PM
मुंबई, 29 अप्रैल (भाषा) सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन के तूफानी शतक और उनकी तीन अर्धशतकीय साझेदारियों से मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पांच विकेट पर 243 रन बनाए।
रिकेल्टन ने अपने करियर और मुंबई के इतिहास की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 55 गेंद में आठ छक्कों और 10 चौकों से नाबाद 123 रन बनाने के अलावा विल जैक्स (46) के साथ पहले विकेट के लिए 93, नमन धीर (22) के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 और कप्तान हार्दिक पंड्या (31) के साथ चौथे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी भी की।
सनराइजर्स की ओर से प्रफुल्ल हिंगे सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 54 रन देकर दो विकेट चटकाए जबकि इशान मलिंगा ने 29, नितीश कुमार रेड्डी ने 31 और साकिब हसन ने 39 रन देकर एक-एक विकेट हासिल किया।
पंड्या ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कलाई में चोट के कारण क्विंटन डिकॉक के बाहर होने पर मुंबई ने जैक्स और रिकेल्टन को पारी का आगाज करने का मौका दिया और दोनों ने पावर प्ले में 78 रन जोड़कर टीम को शानदान शुरुआत दिलाई।
रिकेल्टन ने हिंगे का स्वागत छक्के के साथ किया जबकि जैक्स ने इस तेज गेंदबाज पर लगातार दो चौके मारे। रिकेल्टन और जैक्स दोनों ने सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस पर भी दो-दो चौके मारे।
जैक्स ने बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे पर दो छक्के और एक चौके से 16 रन बटोरे जबकि रिकेल्टन ने भी साकिब हुसैन पर दो छक्के और एक चौके से 18 रन जुटाए।
कप्तान कमिंस ने इसके बाद गेंद नितीश कुमार रेड्डी को थमाई और उनकी पहली ही गेंद पर जैक्स ने विकेटकीपर इशान किशन को कैच थमा दिया। जैक्स ने 22 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए।
रिकेल्टन ने नितीश पर चौके के साथ आठवें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया और फिर अगली गेंद पर छक्के के साथ 23 गेंद में अर्धशतक जड़ा।
सूर्यकुमार यादव (05) भी अगले ओवर में इशान मलिंगा की गेंद पर फाइन लेग पर अभिषेक शर्मा को कैच दे बैठे।
लगातार ओवरों में विकेट गंवाने के बावजूद रिकेल्टन ने आक्रामक रुख जारी रखा। उन्होंने और नमन ने साकिब और कमिंस पर चौके मारे।
रिकेल्टन ने दुबे पर लगातार दो छक्कों के साथ 12वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।
नमन हालांकि हिंगे की गेंद को हवा में लहराकर दुबे के हाथों लपके गए।
रिकेल्टन ने नितीश की लगतार गेंदों पर चौके और छक्के के बाद एक रन के साथ 44 गेंद में अपना पहला आईपीएल शतक पूरा किया जो टीम की ओर से सबसे तेज शतक है।
पंड्या ने भी हिंगे की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्के के साथ 16वें ओवर में टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया लेकिन इसके बाद साकिब की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर हेनरिक क्लासेन को कैच दे बैठे। उन्होंने 15 गेंद का समना करते हुए दो छक्के और इतने ही चौके मारे।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता
2904 2138 मुंबई