लागत से कम दाम पर बिकवाली से आयातित तेलों में गिरावट
रमण
- 27 Apr 2026, 09:51 PM
- Updated: 09:51 PM
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) आयातकों द्वारा बंदरगाहों पर लागत से कम दाम पर बिकवाली करने से सोमवार को विशेषकर सोयाबीन तेल तथा पाम-पामोलीन तेल कीमतों में गिरावट आई। इस कम दाम पर बिकवाली के कारण बाजार धारणा खराब होने की वजह से मूंगफली तेल-तिलहन और बिनौला तेल में भी गिरावट रही। सामान्य एवं सुस्त कामकाज के बीच सरसों तेल-तिलहन और सोयाबीन तिलहन के दाम स्थिर बने रहे।
मलेशिया एक्सचेंज में गिरावट का रुख है जबकि शिकागो एक्सचेंज में घट-बढ़ जारी है।
बाजार सूत्रों ने कहा कि बैंकों में अपना ऋण साखपत्र घुमाने के चक्कर में पैसों की तंगी का सामना कर रहे आयातक बंदरगाहों पर लागत से नीचे दाम पर आयातित सोयाबीन डीगम और पाम-पामोलीन तेल बेच देते हैं। कांडला बंदरगाह पर बगैर मुनाफे के सोयाबीन डीगम तेल की लागत 129 रुपये किलो बैठती है और इसे 124 रुपये किलो बेचा जा रहा है।
इसी प्रकार पामोलीन तेल के आयात की लागत है 145 रुपये किलो जिसे 140 रुपये किलो बेचा जाता है। इस लागत से कम दाम पर बिकवाली से कारोबारी धारणा प्रभावित होती है और इसी कारण मूंगफली तेल-तिलहन और बिनौला तेल के दाम में भी गिरावट देखी जा रही है।
सूत्रों ने कहा कि इस तरह से कम दाम पर बिकवाली आयातकों की कमजोर आर्थिक हालात का सूचक है। तेल संगठनों और समीक्षकों का इस बात की ओर ध्यान जाना चाहिये कि खाद्यतेल की कमी वाले इस देश में ऐसी क्या मजबूरी है कि आयातकों को लागत से नीचे दाम पर अपने सौदे निपटाने पड़ रहे हैं। यह बाजार के लिए और तेल-तिलहन कारोबार से जुड़े सभी अंशधारकों के लिए बुरी स्थिति है।
सामान्य व सुस्त कामकाज के बीच सरसों तेल-तिलहन और सोयाबीन तिलहन के दाम स्थिर रहे।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन - 6,840-6,865 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली - 6,650-7,125 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) - 15,750 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल - 2,500-2,800 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 14,200 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,375-2,475 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,375-2,520 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,850 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,700 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,400 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 13,325 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 14,800 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,250 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 14,000 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना - 6,150-6,200 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 5,800-5,875 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
2704 2151 दिल्ली