भाजपा के चुनाव जीतने के बाद बंगाल में कोई घुसपैठ नहीं कर पाएगा : अमित शाह
नरेश
- 23 Apr 2026, 05:16 PM
- Updated: 05:16 PM
बालागढ़ (पश्चिम बंगाल), 23 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद पश्चिम बंगाल में "एक भी घुसपैठिये को" घुसने नहीं दिया जाएगा और यहां पहले से मौजूद अवैध प्रवासियों को "चुन चुन कर बाहर निकाला जाएगा"।
हुगली जिले के बालागढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने के लिए तैयार है।
राज्य में आज पहले चरण में विधानसभा की 152 सीटों के लिये मतदान हो रहा है।
शाह ने कहा, "आज पहले चरण का मतदान लगभग समाप्त हो चुका है और यह बंगाल में मेरा 30वां कार्यक्रम है। पांच मई को दीदी का खेल खत्म हो जाएगा। बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।"
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
शाह ने यह आरोप लगाया कि घुसपैठ से राज्य की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा, "घुसपैठिए बंगाल के युवाओं की नौकरियां छीन रहे हैं, गरीबों का राशन खा रहे हैं और देश की सुरक्षा को कमजोर कर रहे हैं।"
तृणमूल कांग्रेस सरकार पर अपना हमला तेज करते हुए, वरिष्ठ भाजपा नेता ने उस पर "सिंडिकेट राज" को बढ़ावा देने और लोगों पर "भाईपो टैक्स" का बोझ डालने का आरोप लगाया। उनका यह बयान ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर एक कटाक्ष था।
उन्होंने कहा, "बंगाली लोगों को टीएमसी के गिरोह को 'भाईपो' कर देना पड़ता है। सीमेंट खरीदने के लिए भी लोगों को यह कर चुकाना पड़ता है। ममता सरकार को 'टाटा-बाय-बाय' कहिए, और हम गिरोह के संचालकों को सबक सिखाएंगे।"
शाह ने बालागढ़ के पारंपरिक नाव निर्माण उद्योग में कथित गिरावट का मुद्दा भी उठाया और दावा किया कि वर्तमान सरकार के शासनकाल में इसे नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा, "एक समय बालागढ़ का नौका उद्योग पूरे क्षेत्र को रोजगार प्रदान करता था। लेकिन ममता बनर्जी के सिंडिकेट राज के कारण यह ठप हो गया है। लगभग 41 कारखाने बंद हो चुके हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा की सरकार बनने पर हम इन इकाइयों को फिर से शुरू करेंगे।"
बंगाल की विरासत का आह्वान करते हुए शाह ने प्रख्यात शिक्षाविद आशुतोष मुखर्जी और भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा, "यह आशुतोष मुखर्जी की भूमि है, जिन्हें 'बंगाल का शेर' उपनाम दिया गया था। उनके पुत्र श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने हमारी पार्टी की स्थापना की और देश के लिए अपना प्राणों का बलिदान दिया। मैं दोनों नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।"
अगले चरण के चुनाव के लिए भाजपा के अभियान को तेज करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने मतदाताओं से भाजपा का समर्थन करने का आग्रह किया।
उन्होंने रैली में कहा, "29 अप्रैल (दूसरे चरण का मतदान) को आपको कमल के चिन्ह के सामने वाला बटन दबाना है। यह सिर्फ किसी को विधायक बनाने या भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं है। यह बंगाल की धरती को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए है।"
उन्होंने बनर्जी पर वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया और कहा कि वह अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना चाहती हैं।
शाह ने कहा, "ममता बनर्जी का समय समाप्त हो गया है। अगला मुख्यमंत्री बंगाल की धरती का सपूत होगा, जिसने बंगाली माध्यम से शिक्षा प्राप्त की हो, जो बंगाली बोलता हो, और सबसे महत्वपूर्ण बात, वह भाजपा का कार्यकर्ता होगा।"
उन्होंने कहा, "पहले ममता बनर्जी के गुंडे कहते थे कि आप जितना चाहें प्रचार कर लें, लेकिन किसी को वोट नहीं डालने देंगे। मैं दीदी के गुंडों से कहना चाहता हूं कि अगर आपने किसी भी मतदाता को छुआ, तो आप सीधे बंगाल की खाड़ी में पहुंच जाएंगे।"
भाषा
प्रशांत नरेश
नरेश
2304 1716 बालागढ़