सतना में अतिक्रमण हटाने गई राजस्व और पुलिस टीम पर पथराव, तीन महिला पुलिस कर्मी सहित कई घायल
जोहेब
- 11 Apr 2026, 11:48 PM
- Updated: 11:48 PM
सतना (मध्यप्रदेश), 11 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के सतना में शनिवार को उच्च न्यायालय के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पर अतिक्रमणकारियों ने पथराव कर दिया, जिसमें तीन महिला पुलिस कर्मियों के अलावा एसडीएम, तहसीलदार और दो पटवारी घायल हो गए।
पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पथराव के बाद अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाया गया और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) देवेन्द्र प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि देर शाम तक अलग-अलग जगह छापेमारी करते हुए पथराव करने के सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश पर शनिवार की दोपहर एसडीएम (सिटी) राहुल सिलाड़िया और सीएसपी चौहान पुलिस बल और राजस्व दल के साथ सिटी कोतवाली इलाके के डालीबाबा के इटौरा में अतिक्रमित जमीन पर कब्जा हटाने पहुंचे थे।
चौहान ने बताया कि कुछ कच्चे अतिक्रमण हटाए गए लेकिन जब जेसीबी के जरिए पक्के निर्माण गिराए जाने लगे तभी घरों की आड़ लेकर पुरुष और महिलाओं ने अचानक पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक अचानक हुए पथराव के कारण पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को भाग कर जान बचानी पड़ी।
चौहान ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे लेकिन भारी पथराव के कारण तीन महिला पुलिस कर्मियों के अलावा एसडीएम, तहसीलदार और दो पटवारी घायल हो गए।
उन्होंने कहा कि पथराव के बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके आने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि तहसीलदार सौरभ मिश्रा की शिकायत पर सिटी कोतवाली में हत्या की कोशिश, शासकीय कार्य में बाधा का प्रकरण दर्ज किया गया है। इसमें 8 आरोपी नामजद हैं जबकि 40-50 आरोपी अज्ञात हैं जिनकी पहचान की जा रही है।
एसडीएम राहुल सिलाड़िया ने बताया कि इटौरा में इंदौर के निवासी रावेन्द्र सिंह अरोड़ा की पत्नी अनीता सिंह की जमीन पर रामलाल दाहिया, ऊषा दाहिया और नवसात कबाड़ी ने अतिक्रमण किया था।
उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय ने 13 मार्च 2023 को इस जमीन पर कब्जा हटाने का आदेश दिया था।
अधिकारी ने कहा कि उस समय भी कब्जा हटाया गया था लेकिन फिर से उक्त जमीन पर कब्जा कर लिया गया था।
उन्होंने बताया कि नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी और उसके बाद कार्रवाई की गई।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जोहेब
जोहेब
1104 2348 सतना