थारू समाज के लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस लेगी सरकारः योगी आदित्यनाथ
नेत्रपाल
- 11 Apr 2026, 07:19 PM
- Updated: 07:19 PM
लखीमपुर खीरी (उप्र), 11 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यहां कहा कि संघर्ष करने वाले थारू समाज के जिन लोगों पर समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार ने मुकदमे दर्ज किए थे, भाजपा सरकार उन सभी मुकदमों को वापस लेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जनपद में माफिया पालने वाली पेशेवर अपराधियों की सरकार (पूर्ववर्ती सपा सरकार) महाराणा प्रताप व महाराणा सांगा के वंशजों पर अत्याचार और झूठे मुकदमे दर्ज करती थी।
उन्होंने कहा, ''संघर्ष करने वाले थारू समाज के जिन लोगों पर सपा सरकार ने मुकदमे दर्ज किए थे, हमारी सरकार उन सारे मुकदमों को वापस लेगी।''
योगी ने लोगों से कहा कि अब आप पर कोई अत्याचार नहीं कर पाएगा, क्योंकि 'डबल इंजन' सरकार साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी माफिया को नहीं पनपने देगी। उन्होंने कहा कि न गरीबों का हक छीनने दिया जाएगा, और न ही नौजवानों की नौकरी पर डकैती डालने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने चंदन चौकी (पलिया) लखीमपुर में आयोजित कार्यक्रम में भूमि क्षरण से प्रभावित पूर्वी उत्तर प्रदेश के 2,350 परिवारों व थारू जनजाति के 4,356 परिवारों को भूमि अधिकार पट्टों का आवंटन किया और पलिया, श्रीनगर, निघासन व गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्रों की 817 करोड़ रुपये की 314 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया।
योगी ने थारू जनजाति के कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति देखी और अपनी संस्कृति को बचाकर रखने के लिए उनकी सराहना भी की।
इस संबंध में जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह कार्यक्रम अधिकार से आत्मनिर्भरता, आत्मनिर्भरता से आत्मसम्मान की ऐतिहासिक यात्रा भी है, क्योंकि आज अधिकार के साथ आत्मसम्मान व आत्मनिर्भरता की गारंटी भी मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ''जनता ने हमें अधिकार दिया तो हम उसे अधिकार पत्र दे रहे हैं।''
योगी ने कहा, "चंदन चौकी इस जनपद का गौरव है। यहां वनवासी संस्कृति की जड़ें, स्वाभिमान और तराई की उर्वरता साथ फलती-फूलती है।"
बयान के अनुसार, चंदन चौकी व आसपास दर्जनों थारू बहुल गांव हैं, जो पहचान के लिए मोहताज थे। कभी वन, पुलिस व राजस्व विभाग द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जाता था। शौर्य व वीरता के साथ अपने इतिहास को जोड़ने वाला थारू समाज पहले पहचान के लिए मोहताज था, लेकिन आज उसे अधिकार पत्र मिल रहा है और यही 'डबल इंजन' सरकार की शक्ति और गति है।
योगी ने कहा, "आज 4,356 थारू परिवारों को 5,338 हेक्टेयर भूमि का अधिकार पत्र सौंपा गया है। 1955 में पूर्वी उत्तर प्रदेश से आए लोगों को तत्कालीन सरकार में हक नहीं मिला, लेकिन ऐसे 2,350 परिवारों को आज 4,251 हेक्टेयर भूमि का भौमिक अधिकार मिल रहा है।" सपा पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा, ''पहले विकास सिर्फ सैफई में होता था। एक परिवार ही सब कुछ हजम कर जाता था, लेकिन भाजपा के लिए राज्य की 25 करोड़ की आबादी ही परिवार है।''
भाषा आनन्द रवि कांत नेत्रपाल
नेत्रपाल
1104 1919 लखीमपुर खीरी