उपराष्ट्रपति वेंस ने तेहरान को चेताया, अमेरिका के साथ 'खेल' ना खेलो
माधव
- 10 Apr 2026, 08:26 PM
- Updated: 08:26 PM
वाशिंगटन, 10 अप्रैल (एपी) उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से वार्ता के लिए इस्लामाबाद रवाना होने से पहले तेहरान को आगाह किया कि वह अमेरिका के साथ 'खेल' ना खेले।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने करीबी लोगों में से उस व्यक्ति को यह जिम्मेदारी सौंपी है, जो ईरान के साथ संघर्ष का सबसे अनिच्छुक समर्थक प्रतीत हो रहे हैं।
लेकिन अब वेंस को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वह छह सप्ताह पहले शुरू हुए इस युद्ध का समाधान ढूंढ़े और अमेरिकी राष्ट्रपति की ईरान की 'पूरी सभ्यता' को नष्ट करने की चौंकाने वाली धमकी को चरितार्थ न होने दें।
वेंस संघर्ष वाले क्षेत्रों में सैनिकों को भेजने के पक्ष में नहीं रहे हैं।
वेंस पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान के साथ मध्यस्थता वार्ता का नेतृत्व करने के लिए शुक्रवार को रवाना हुए।
पाकिस्तान जाने के लिए 'एयर फोर्स-टू' में सवार होते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा, ''हम वार्ता के लिए उत्सुक हैं। मुझे लगता है कि यह सकारात्मक रहेगी। देखते हैं आगे क्या होता है।''
उन्होंने ट्रंप का हवाला देते हुए कहा, ''अगर ईरानी सद्भावना से बातचीत करने को तैयार हैं, तो हम भी उनका स्वागत करने के लिए तैयार हैं।''
लेकिन उन्होंने कहा, ''अगर वे हमसे 'खेल' खेलने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें पता चलेगा कि वार्ताकार दल इतना भी सहयोगी नहीं है।''
वेंस ने कहा कि ट्रंप ने उन्हें बातचीत के तरीके के बारे में कुछ स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं, लेकिन उन्होंने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया। उपराष्ट्रपति ने अपने साथ यात्रा कर रहे पत्रकारों के सवालों का जवाब नहीं दिया।
वेंस की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब एक नाजुक और अस्थायी युद्धविराम टूटने की कगार पर है। ईरान की सार्वजनिक मांगों और अमेरिका तथा उसके सहयोगी इज़राइल की मांगों के बीच का अंतर पाटने योग्य नहीं लगता।
अमेरिका में इस प्रक्रिया को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए राजनीतिक और आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। गौरतलब है कि वेंस दो साल बाद मतदाताओं से खुद को अगला राष्ट्रपति चुनने के लिए कह सकते हैं।
वेंस के साथ ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी शामिल हैं, जिन्होंने ट्रंप और इजराइल द्वारा 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने से पहले तेहरान के परमाणु और बैलिस्टिक हथियार कार्यक्रमों और पश्चिम एशिया में सशस्त्र 'प्रॉक्सी' (छद्म) समूहों के लिए उसके समर्थन के बारे में अमेरिकी चिंताओं को दूर करने के उद्देश्य से ईरानी वार्ताकारों के साथ अप्रत्यक्ष वार्ता के तीन दौर में भाग लिया था।
मंगलवार शाम को व्हाइट हाउस और ईरान द्वारा अस्थायी युद्धविराम की घोषणा के लगभग तुरंत बाद, दोनों पक्ष युद्धविराम की शर्तों को लेकर आपस में असहमत दिखे।
ईरान ने जोर देकर कहा कि लेबनान में इजराइली युद्ध की समाप्ति युद्धविराम का हिस्सा है। लेकिन इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और ट्रंप ने कहा कि युद्धविराम लेबनान पर लागू नहीं होता है, और वहां इजराइली अभियान जारी रहेगा।
इस बीच, अमेरिका ने ईरान से होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की मांग की। ईरान ने लेबनान में हिजबुल्ला आतंकवादी समूह के खिलाफ इजराइल के बढ़ते हमलों के जवाब में इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को बंद कर दिया था।
यह वेंस के लिए अब तक का सबसे महत्वपूर्ण क्षण है, जिन्होंने पिछले वर्ष का अधिकांश समय व्हाइट हाउस में एक तरह से पर्दे के पीछे रहकर बिताया, खासकर तब जब एलन मस्क और रुबियो जैसे अन्य लोग राष्ट्रपति के निरंतर सलाहकार के रूप में बारी-बारी से भूमिका निभा रहे थे।
लेकिन वैंस की जिम्मेदारियों का दायरा तेजी से बढ़ता जा रहा है, पहले घरेलू सरकारी कार्यक्रमों में धोखाधड़ी को जड़ से खत्म करने के मिशन के साथ और अब जटिल हालात वाले पश्चिम एशिया में अमेरिकी युद्ध को सुलझाने में मदद करने के साथ।
वेंस इससे पहले नौसेना में रहते हुए इराक युद्ध में सेवा दे चुके हैं। इसके अलावा वह दो साल अमेरिकी सीनेटर और एक साल से थोड़ा अधिक समय से उपराष्ट्रपति है। हालांकि, उनके पास कूटनीतिक अनुभव बहुत कम है।
गोल्डस्टीन ने कहा, ''वेंस जिस तरह से बातचीत में खुलकर शामिल हैं, उससे यह साफ है कि अगर हालात बिगड़ते हैं, तो लोग उन पर उंगली उठाएंगे। लेकिन अगर सब कुछ ठीक रहा, तो यह एक ऐसी बात होगी जिसे वह भुना सकेंगे।''
वेंस और रुबियो को रिपब्लिकन पार्टी की ओर से 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के सबसे मजबूत संभावित दावेदारों के रूप में देखा जाता है, हालांकि दोनों में से किसी ने भी इस बारे में स्पष्ट जवाब नहीं दिया है कि वे चुनाव लड़ने का इरादा रखते हैं या नहीं।
एपी संतोष माधव
माधव
1004 2026 वाशिंगटन