एलडीएफ ने सोने के टुकड़ों के लिए भगवान अयप्पा के साथ विश्वासघात किया : राजनाथ
रंजन
- 01 Apr 2026, 09:45 PM
- Updated: 09:45 PM
कोच्चि, एक अप्रैल (भाषा) भाजपा के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को आरोप लगाया कि भगवान का अपना घर कहे जाने वाले केरल में "भगवान सुरक्षित नहीं हैं" क्योंकि सत्तारूढ़ एलडीएफ ने सोने के कुछ टुकड़ों के लिए भगवान अयप्पा के साथ विश्वासघात किया है।
वह स्पष्ट रूप से सबरिमला मंदिर से सोने की चोरी के मामलों का संदर्भ दे रहे थे।
परवूर विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा,"जिस तरह जूडस (इस्कैरियट) ने चांदी के कुछ टुकड़ों के लिये यीशु मसीह को धोखा दिया, उसी तरह वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने भगवान अयप्पा को सोने के कुछ टुकड़ों के लिये धोखा दिया।"
उन्होंने तर्क दिया कि यदि भगवान की यह दशा है, तो आम लोगों की स्थिति कहीं अधिक खराब होगी और आश्वासन दिया कि केरल में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के सत्ता में आने पर मंदिर से कथित तौर पर सोने के गबन की सीबीआई द्वारा समयबद्ध जांच की जाएगी।
उन्होंने मांग की कि केरल सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि शबरिमला मंदिर के सोने की सुरक्षा में चूक कैसे हुई और कहा कि यह श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्थाओं के साथ विश्वासघात है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
उन्होंने जोर देकर कहा, "सबरिमला मंदिर के दरवाजों से सोना चुराने वालों को केरल की जनता द्वारा बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।"
सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि जहां कुछ माकपा नेताओं ने मंदिर से सोना चुराया, वहीं कुछ कांग्रेस नेताओं ने उन्हें इसे बेचने में मदद की, "जो दर्शाता है कि एलडीएफ और यूडीएफ दोनों एक ही हैं"।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने एलडीएफ और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर केरल की जनता के साथ विश्वासघात करने, समाज को विभाजित करने, राज्य की अर्थव्यवस्था को "नष्ट" करने और जनता से किए गए वादों को पूरा न करने का भी आरोप लगाया।
रक्षा मंत्री ने चुनावी भाषण के दौरान यह भी आरोप लगाया कि एलडीएफ और यूडीएफ दोनों में 'फ्रंट' (मोर्चा) शब्द का अर्थ "भ्रष्टाचार का मोर्चा" है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि एलडीएफ का अर्थ "लूट, विभाजन और विफलता" है, जबकि यूडीएफ का अर्थ "अविश्वास, बेईमानी और धोखाधड़ी" है।
सिंह ने यह भी दावा किया कि केरल में वामपंथी प्रशासन द्वारा केंद्र सरकार की विभिन्न परियोजनाओं में बाधा डाली जा रही है।
अपने भाषण के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि 2020 में राज्य प्रायोजित सोने की तस्करी हुई और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के करीबी लोग इसमें शामिल थे।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के परिवार का कोई सदस्य कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से जुड़े एक मामले में धन शोधन में कथित तौर पर शामिल पाया गया था।
सिंह ने दावा किया कि यूडीएफ के कार्यकाल के दौरान भी कई "घोटाले" हुए थे और वे एलडीएफ के कार्यकाल जितने ही बुरे थे।
उन्होंने यह भी कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण राज्य में धार्मिक चरमपंथ में वृद्धि हो रही है और कई युवा इसके शिकार हो रहे हैं।
सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्रविरोधी ताकतों को मुख्यधारा में लाने की कोशिश कर रही है और सत्ता हासिल करने के लिए देश को बेचने सहित किसी भी हद तक जा सकती है।
उन्होंने पूछा, "केरल को जमात-ए-इस्लामी, पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) से कौन बचाएगा?"
रक्षा मंत्री ने कहा कि केवल भाजपा ही केरल को उनसे बचा सकती है और राज्य में बदलाव लाने का यह एकमात्र "प्रमुख विकल्प" है।
केरल में विधानसभा चुनाव नौ अप्रैल को होंगे।
भाषा प्रशांत रंजन
रंजन
0104 2145 कोच्चि