कांग्रेस की सीईसी ने पश्चिम बंगाल के लिए उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा की
संतोष
- 28 Mar 2026, 10:59 PM
- Updated: 10:59 PM
नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के चयन को लेकर शनिवार को विस्तृत चर्चा की। प्रदेश में कांग्रेस इस बार सभी 294 सीट पर अकेले चुनाव लड़ रही है।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल और पश्चिम बंगाल के नेता शामिल हुए।
पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी और सीईसी सदस्य अंबिका सोनी, मधुसूदन मिस्त्री, सलमान खुर्शीद, टीएस सिंहदेव, पीएल पुनिया और कुछ अन्य नेता भी बैठक में शामिल थे।
बैठक के बाद कांग्रेस के पश्चिम बंगाल प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने संवाददाताओं से कहा, "आज, सीईसी की बैठक हुई। सभी सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर चर्चा की गई। आठ को छोड़कर सभी उम्मीदवारों की घोषणा आज रात या कल सुबह तक की जाएगी।"
मीर ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी को 294 विधानसभा सीटों के लिए 2,500 आवेदन मिले हैं।
उनका कहना था, "हम पश्चिम बंगाल में सभी 294 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेंगे, कोई भी सीट खाली नहीं रहेगी। यह शुरू से ही राज्य में हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं की इच्छा थी।"
भवानीपुर के लिए कांग्रेस उम्मीदवार को लेकर मीर ने कहा कि पार्टी प्रत्येक कार्यकर्ता को एक बड़े नेता के रूप में देखती है। इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ती हैं।
कांग्रेस प्रभारी ने कहा, "हर सामान्य कार्यकर्ता भी एक बड़ा नेता है। जो कोई भी भवानीपुर से चुनाव लड़ेगा वह हमारे लिए एक बड़ा नेता होगा।"
इस बीच, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले जानबूझकर सांप्रदायिक तनाव फैलाया जाता है।
उन्होंने कहा, ''पिछली बार यह सुनिश्चित करने के लिए कि मैं हार जाऊं, दंगों की योजना बनाई गई थी। यह भी कहा गया था कि मुर्शिदाबाद में 70 प्रतिशत मुस्लिम और 30 प्रतिशत हिंदू हैं और अगर मुसलमान चाहें, तो वे 30 प्रतिशत हिंदुओं को मार सकते हैं और उन्हें गंगा नदी में फेंक सकते हैं। हम महसूस कर सकते हैं कि इस बार फिर से वही सांप्रदायिक माहौल बनाने का प्रयास हो रहा है।"
पश्चिम बंगाल में कुछ अधिकारियों को "संदिग्ध साख" के कारण स्थानांतरित किए जाने संबंधी गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर चौधरी ने कहा, "ऐसा लगता है कि शाह निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता बन गए हैं"।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा। मतगणना 4 मई को होगी।
भाषा हक संतोष
संतोष
2803 2259 दिल्ली