केरल में एलडीएफ-यूडीएफ चक्र खत्म करें, कांग्रेस 'युवराज' राहुल देश के विकास से अनजान हैं : मोदी
अविनाश
- 11 Mar 2026, 08:32 PM
- Updated: 08:32 PM
कोच्चि, 11 मार्च (भाषा) कांग्रेस और इसके शीर्ष नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को विपक्षी दल पर "पश्चिम एशिया संकट" को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता देश के विकास से अनभिज्ञ हैं।
केरल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सत्ताधारी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) पर भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि केरल को अपनी प्रगति के लिए एलडीएफ और कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकारों के बारी-बारी से शासन के चलन को समाप्त करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उन भारतीयों के कल्याण के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं जो युद्ध-ग्रस्त पश्चिम एशिया में फंसे हुए हैं। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से कांग्रेस और वामपंथियों द्वारा फैलायी जा रही "अफवाहों" में न आने की अपील की।
मोदी ने सबरिमला सोने की हेराफेरी के मामले का जिक्र कर माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ पर हमला किया और उन्हें भ्रष्टाचार, सांप्रदायिक राजनीति एवं राज्य में विकास तथा उद्योग को रोकने के "अपराध में साथी" करार दिया।
उन्होंने आरोप लगाया, "वे सबरिमला मंदिर की लूट में साझेदार हैं। एलडीएफ नेताओं पर मंदिर से सोने की हेराफेरी करने का आरोप है, वहीं यूडीएफ पर लूटे गए सोने को बेचने का आरोप है। हालांकि, प्रधानमंत्री ने इस बारे में विस्तार से बात नहीं की।
मोदी ने अपनी सरकार के निर्णय का उल्लेख किया कि केरल का नाम बदलकर 'केरलम' किया गया और राज्य के लोगों से कहा कि वे अगले पांच वर्षों के लिए भाजपा-नेतृत्व वाले गठबंधन को सेवा का मौका दें, क्योंकि इसमें "मोदी की गारंटी" है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हमला करते हुए मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस के "युवराज" देश में हो रहे विकास के बारे में नहीं जानते, क्योंकि उन्हें यह नहीं पता कि केरल समेत भारत में युवा और विभिन्न कंपनियां ड्रोन निर्माण में लगे हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, "कांग्रेस के युवराज यह भी नहीं जानते कि भारतीय युवा ड्रोन निर्माण में जादू रच रहे हैं। उन्हें यह भी नहीं पता कि भारत में कई कंपनियां ड्रोन बना रही हैं। उन्हें यह नहीं पता कि केरल के युवा ड्रोन स्टार्टअप बना रहे हैं। उनका दृष्टिकोण बहुत छोटा है और वे भारत की विकास गति को नहीं देख सकते।"
मोदी के ये बयान राहुल गांधी द्वारा हाल में तिरुवनंतपुरम में एक कार्यक्रम में दिए गए बयान के संदर्भ में थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि चीन ड्रोन निर्माण में हावी है और भारत अभी पीछे है। गांधी ने यह भी कहा था कि सही नीतियों के साथ भारत ही एकमात्र देश है जो इस क्षेत्र में चीन से प्रतिस्पर्धा कर सकता है।
मोदी ने अपने भाषण में यह भी कहा कि भाजपा केरल को एआई और भविष्य की तकनीक का हब बनाने के लिए काम करेगी।
पश्चिम एशिया संकट का संदर्भ देते हुए उन्होंने दावा किया कि आज का भारत अपने नागरिकों को कहीं भी फंसा हुआ नहीं छोड़ता और केंद्र सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि खाड़ी क्षेत्र में फंसे सभी भारतीयों को हरसंभव मदद मिल सके।
उन्होंने कहा, "आज पश्चिम एशिया में जो कुछ भी हो रहा है, उसके लिए आप सभी की चिंता स्वाभाविक है। हमारे लाखों भाई-बहन वहां काम करते हैं। लेकिन आपको याद रखना चाहिए कि आज देश भाजपा-राजग के नेतृत्व में है। जब भी हमारे किसी नागरिक ने संकट का सामना किया, हमने उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए अपनी पूरी शक्ति लगाई।"
मोदी ने कहा, "मैं आभारी हूं कि खाड़ी देशों की सरकारें हमारे नागरिकों की सुरक्षा कर रही हैं। हमारे भारतीय दूतावास 24 घंटे उनकी मदद कर रहे हैं। चाहे भोजन हो, चिकित्सा सहायता हो या कानूनी मदद, सब कुछ प्रदान किया जा रहा है।"
उन्होंने कहा कि यह "दुखद" है कि इस तरह के वैश्विक संकट में भी कांग्रेस "राजनीति कर रही है" और ऐसे बयान दे रही है जो स्थिति को और बिगाड़ सकते हैं और लोगों को मुश्किल में डाल सकते हैं, ताकि दोष उन्हें (प्रधानमंत्री को) दिया जा सके।
केरल के ईसाई समुदाय तक पहुंच बनाने के प्रयास में मोदी ने अपनी सरकार द्वारा कुछ समय पहले संघर्षग्रस्त देशों — यमन और अफगानिस्तान में फंसे दो पादरियों को बचाने के सफल प्रयासों का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में वर्तमान संकट ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि "आत्मनिर्भर" (स्वावलंबी) बनना कितना महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, "ऊर्जा क्षेत्र में अन्य देशों पर निर्भरता कम करने के लिए सरकार ने हाल के वर्षों में कई कदम उठाए हैं। हमने अपनी सौर क्षमता बढ़ाई है। सौर परियोजनाओं पर केरलम में भी काम शुरू हो गया है। पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। रेलवे का सौ प्रतिशत विद्युतीकरण किया जा रहा है।"
मोदी ने कहा कि दूसरी ओर कांग्रेस और वाम दलों ने देश को विदेशी राष्ट्रों पर और अधिक निर्भर बनाया और अब वे साथ मिलकर खाड़ी क्षेत्र के युद्ध को लेकर "अफवाहें फैला रहे हैं," जहां केरल के लोगों को विभिन्न देशों में विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार मिला हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि युद्ध की इस विभीषिका में भी, "कांग्रेस, वामपंथी और उनका पारिस्थितिकी तंत्र देश में भय पैदा करने के लिए अपनी पूरी शक्ति लगा रहे हैं।"
मोदी ने कहा, "मैं राष्ट्र से यही कहूंगा कि कांग्रेस और वामपंथियों द्वारा फैलायी जा रही अफवाहों के प्रति सतर्क और चौकस रहें।"
उन्होंने कहा कि जनता ने एलडीएफ-यूडीएफ के "नापाक गठजोड़" की चालों से बाहर निकलने का निर्णय कर लिया है और यह त्रिशूर, तिरुवनंतपुरम और राज्य की कई पंचायतों में भाजपा-राजग पर जताये गये भरोसे से स्पष्ट हो जाता है।
यह टिप्पणी उन्होंने 2024 में त्रिशूर लोकसभा सीट और दिसंबर 2025 में तिरुवनंतपुरम नगर निगम और कुछ स्थानीय निकायों में भाजपा की जीत के संदर्भ में की। उन्होंने कहा कि यह सफलता इस वर्ष के चुनावों में भी दोहराई जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि केरल में प्राकृतिक संसाधन, संस्कृति, प्रतिभा, तकनीक और समुद्र होने के बावजूद, विकास वैसा नहीं हुआ जैसा होना चाहिए था। इसके पीछे उन्होंने एलडीएफ-यूडीएफ के बारी-बारी से सत्ता में आने वाले पैटर्न को जिम्मेदार ठहराया, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था दक्षिणी राज्य के लिए "हानिकारक" साबित हुआ है।
मोदी ने कोच्चि में अखिल केरल धीवरा सभा के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित करते हुए समुदाय का अभिवादन किया और कहा, "समुद्र के बच्चों को नमस्कार।"
उन्होंने कहा कि धीवरा समुदाय में केरल की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने की क्षमता है और उन्होंने मछली पकड़ने का काम करने वाले युवाओं से भारत की समुद्र आधारित अर्थव्यवस्था का नेतृत्व करने की अपील की।
मोदी ने कहा कि समुद्र-आधारित अर्थव्यवस्था देश के लिए बड़े अवसर प्रदान करती है, और केरल के मछुआरों को इसमें अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा, ''युवा मछुआरों को भारत की 'समुद्र आधारित अर्थव्यवस्था' का नेतृत्व करना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने बताया कि केंद्र ने 'प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना' के तहत राज्य के लिए 1,400 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं और मछली पकड़ने के क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई पहल की हैं।
उन्होंने समुद्र में सुरक्षा सुधारने के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग को भी उजागर किया। उनके अनुसार, केरल में मछली पकड़ने वाले लगभग 7,000 जहाजों को सैटेलाइट-आधारित तंत्र प्रदान किए गए हैं।
उन्होंने कहा, "मैं धीवरा सभा के सभी सदस्यों और पूरे समुदाय को अपनी शुभकामनायें देता हूं।''
केरल के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री पी ए मोहम्मद रियास को प्रधानमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम से कथित रूप से बाहर रखे जाने के बाद, मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन और उनकी सरकार के अन्य मंत्री प्रधानमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।
मुख्यमंत्री विजयन के इस कार्यक्रम में नहीं आने का कोई कारण नहीं बताया गया लेकिन उनके कैबिनेट सहयोगियों ने व्यक्तिगत असुविधा का हवाला देते हुए कहा कि वे बंदरगाह शहर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
राज्य के एक दिवसीय दौरे पर आये प्रधानमंत्री ने आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिनमें राष्ट्रीय राजमार्ग 66 के विस्तार का पहला खंड शामिल था।
हालांकि, मोदी द्वारा परियोजना राष्ट्र को समर्पित किए जाने से कुछ घंटे पहले ही मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने इसके एक खंड का उद्घाटन कर दिया।
भाषा रंजन रंजन नरेश अविनाश
अविनाश
1103 2032 कोच्चि