उत्तम नगर में होली खेलने के दौरान दो पक्षों में झगड़ा, एक की मौत
रंजन
- 05 Mar 2026, 09:11 PM
- Updated: 09:11 PM
नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) होली के दौरान दिल्ली में उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी इलाके में दो परिवारों के बीच हुई कथित झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया और स्थानीय थाने के बाहर प्रदर्शनकारियों ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। वहीं आरोपियों के आवास के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और कथित तौर पर घर पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
अधिकारी के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि यह विवाद रंगीन पानी से भरे गुब्बारे के गिरने से छींटे आने के कारण शुरू हुआ।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान तरुण के रूप में हुई, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान कारण मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर को सूचना मिली कि इलाके के अलग अलग समुदाय के दो परिवारों के बीच झड़प हो गई और दोनों पक्षों के कई लोगों इसमें जख्मी हो गए।
मृतक के परिवार वालों ने बताया कि घर की छत पर होली खेल रही 11 वर्षीय लड़की ने नीचे मौजूद अपने रिश्तेदारों पर पानी का गुब्बारा फेंका। गुब्बारा सड़क पर गिरा और फट गया, जिससे रंगीन पानी की कुछ छींटे दूसरे समुदाय के एक परिवार की महिला पर आ गईं।
तरुण के दादा मान सिंह के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और घटना को लेकर झगड़ा करने लगी। सिंह ने दावा किया कि उसने अपने परिवार और समुदाय के कई सदस्यों को इकट्ठा किया और उन्होंने कथित तौर पर होली खेल रहे उनके परिवार पर हमला किया। घटना में सिंह को भी चोटें आईं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि हालांकि मामला शांत हो गया था, लेकिन बाद में दूसरे परिवार के सदस्य इकट्ठा हुए और होली मनाने के बाद घर लौटते समय तरुण पर कथित तौर पर हमला कर दिया।
सिंह ने आरोप लगाया, "उन्होंने तरुण को बेरहमी से पीटा। जब वह सड़क पर पड़ा था, तब उसकी छाती पर एक बड़ा पत्थर मारा गया।"
तरुण के चाचा रमेश ने आरोप लगाया कि तरुण को झड़प के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और वह घर लौट रहा था तभी उस पर हमला हुआ।
रमेश ने कहा, "जैसे ही वह गली में दाखिल हुआ, लगभग आठ से दस लोगों ने उस पर लाठियों, डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। मेरे भतीजे को लड़ाई के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। फिर भी उस पर हमला हुआ। आरोपियों ने उसे इतनी बुरी तरह पीटा कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुझे और हमारे परिवार के कई अन्य सदस्यों गंभीर चोटें आई हैं।
रमेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ साल पहले भी इसी परिवार ने उन पर हमला किया था।
परिवार की एक महिला ने न्याय की मांग करते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि इस घटना के सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
परिवार के कुछ सदस्यों ने तो यह धमकी भी दी है कि अगर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे सड़कों को जाम कर देंगे।
बाद में, इलाके में तनाव पैदा हो गया, क्योंकि मृतक के परिवार के सदस्य समर्थकों के साथ उत्तम नगर थाने के बाहर जमा हो गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
एक हिंदू राजनीतिक संगठन के सदस्य भी थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गए, नारे लगाए और घटना में शामिल सभी लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने उत्तम नगर थाने का कई घंटों तक घेराव किया और आरोप लगाया कि आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन के बाद, परिवार के कुछ सदस्य और समर्थक अपने इलाके में लौट आए, जहां उन्होंने कथित तौर पर आरोपियों के परिवार के सदस्यों से भिड़ने का प्रयास किया। सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के घर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया।
कुछ प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर आरोपी परिवार के घर पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस कर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा और स्थिति और बिगड़ने से पहले भीड़ को तितर-बितर किया।
सूत्र ने बताया, "अशांति के दौरान इलाके में खड़ी कुछ गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। कुछ प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर इलाके के दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद करने के लिए भी कहा।"
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
अधिकारी ने कहा, "हम स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और किसी को भी कानून-व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।"
इस बीच, पुलिस ने निवासियों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
पुलिस झड़प की वजह बनने वाली घटना के सटीक क्रम का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है।
पुलिस ने कहा कि दोनों परिवारों के घायल लोगों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि जांचकर्ता गवाहों के बयानों की जांच कर रहे हैं।
द्वारका जिले की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने पत्रकारों से कहा, "हमें यह पता चला है कि झगड़ा गुब्बारे फेंकने से शुरू हुआ था, लेकिन हम मामले की जांच कर रहे हैं। हमने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और कुछ लोगों को पकड़ा है। आगे की जांच जारी है।"
पुलिस ने कहा कि घटना में शामिल शेष आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन
0503 2111 दिल्ली