महाराष्ट्र: मंत्री सरनाइक से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ट्रांसपोर्टरों ने हड़ताल स्थगित की
माधव
- 05 Mar 2026, 09:02 PM
- Updated: 09:02 PM
मुंबई, पांच मार्च (भाषा) महाराष्ट्र ट्रांसपोर्ट एक्शन कमेटी (एम-टैक) ने बृहस्पतिवार शाम घोषणा की कि आधी रात से शुरू होने वाली उसकी अनिश्चितकालीन हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है।
यह फैसला राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक से लिखित आश्वासन मिलने के बाद लिया गया, जिसमें कहा गया है कि बजट सत्र समाप्त होने के बाद परिवहन से जुड़े मुद्दों पर ध्यान दिया जाएगा।
'स्कूल बस ओनर्स एसोसिएशन' के नेता अनिल गर्ग ने कहा, "मंत्री के अनुरोध के बाद हड़ताल एक सप्ताह के लिए टाल दी गई है, इसलिए आधी रात से हड़ताल नहीं होगी।"
निजी बस मालिकों के एक अन्य नेता हर्ष कोटक ने कहा कि ई-चालान और अन्य मुद्दों पर सरनाइक के लिखित आश्वासन के अलावा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी वीडियो कॉल के जरिए उनसे बात की और भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों का समाधान किया जाएगा।
कोटक ने कहा, "अगले सप्ताह एक बैठक होने की संभावना है, जिसके बाद हम हड़ताल के बारे में आगे की रणनीति तय करेंगे।"
शाम को जारी एक बयान में, एम-टैक ने कहा कि उसे सूचित किया गया है कि आगामी सप्ताह में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, एम-टैक के प्रतिनिधियों और विभिन्न परिवहन संघों के बीच एक बैठक आयोजित की जाएगी।
बयान में कहा गया है, "बैठक के दौरान, ई-चालान प्रणाली, टोल वसूली, कराधान संरचना और ट्रांसपोर्टरों की अन्य लंबित मांगों पर विस्तृत चर्चा होगी और यह आश्वासन दिया गया है कि एक सकारात्मक समाधान निकाला जाएगा।"
बयान के अनुसार परिवहन मंत्री के आश्वासन का सम्मान करते हुए, एम-टैक और विभिन्न परिवहन संघों ने आंदोलन को अस्थायी रूप से वापस लेने का निर्णय लिया है।
बयान में कहा गया है कि उम्मीद है कि सरकार आगामी बैठक में सकारात्मक निर्णय लेगी और ट्रांसपोर्टरों की जायज मांगों का उचित समाधान निकाला जाएगा।
अपने पत्र में सरनाइक ने ट्रांसपोर्टरों से कहा कि फिलहाल प्रशासन बजट सत्र में व्यस्त है और सत्र के बाद परिवहन से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी लिखा कि ईरान युद्ध के कारण माल के निर्यात पर असर पड़ा है।
सरनाइक ने कहा कि राज्य में जारी स्कूल परीक्षाओं को देखते हुए यात्रियों की आवाजाही और अधिक प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसलिए उन्होंने पांच मार्च की आधी रात से प्रस्तावित हड़ताल को वापस लेने का आग्रह किया।
सरनाइक के कार्यालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि राज्य के ट्रांसपोर्टर संघों ने "अनुचित" ई-चालानों को रद्द करने के प्रति सरकार के सकारात्मक आश्वासन के बाद राज्यव्यापी हड़ताल "वापस लेने" का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टरों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस और परिवहन विभागों की संयुक्त बैठक जल्द ही बुलाई जाएगी।
विज्ञप्ति में सरनाइक के हवाले से कहा गया है कि राज्य के ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बातचीत हुई है।
सरनाइक ने कहा कि सरकार ट्रांसपोर्टरों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर रही है। इस अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रांसपोर्टरों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।
विज्ञप्ति में सरनाइक ने कहा, "सरकार ट्रांसपोर्टरों की विभिन्न मांगों के प्रति संवेदनशील है। अनुचित तरीके से जारी किए गए ई-चालानों के संबंध में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।"
इससे पहले एम-टैक ने घोषणा की थी कि अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान स्कूल बसें, कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बसें, निजी बसें और ट्रक, टेंपो, टैक्सी तथा टैंकर जैसे व्यावसायिक वाहन नहीं चलेंगे।
भाषा जोहेब माधव
माधव
0503 2102 मुंबई