भारत का पहला मैच वियतनाम से, अंतरराष्ट्रीय मैचों का कम अनुभव पड़ सकता है भारी
मोना
- 03 Mar 2026, 04:55 PM
- Updated: 04:55 PM
पर्थ, तीन मार्च (भाषा) भारतीय टीम बुधवार को यहां अपने से अधिक रैंकिंग वाली वियतनाम की टीम के खिलाफ एएफसी महिला एशियाई कप फुटबॉल टूर्नामेंट के अपने अभियान की शुरुआत करेगी जिसमें उसे अंतरराष्ट्रीय मैचों में खेलने का कम अनुभव भारी पड़ सकता है।
भारत चार टीमों के ग्रुप में रैंकिंग के लिहाज से सबसे निचले पायदान पर है और उसने इस साल एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। ग्रुप की अन्य तीन टीमें वियतनाम, जापान और चीनी ताइपे हैं। भारतीय टीम ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच अक्टूबर 2025 में ईरान और नेपाल के खिलाफ खेले थे, जिसमें उसे क्रमशः 0-2 और 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था।
भारतीय टीम ने अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के बजाय तुर्की में चार सप्ताह के शिविर के दौरान क्लब टीमों के खिलाफ खेलने का विकल्प चुना। भारतीय टीम वहीं से 11 फरवरी को पर्थ पहुंचीं और उसने आस्ट्रेलिया की दो क्लब टीमों से मैत्री मैच खेले।
भारत की नयी कोच अमेलिया वाल्वरडे ने जनवरी में ही पदभार संभाला था। उनसे पहले वर्तमान में सहायक कोच क्रिसपिन छेत्री क्वालीफाइंग दौर के दौरान टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभा रही थी।
जहां तक वियतनाम का सवाल है तो उसने फरवरी में चार अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें से दो मैच उज्बेकिस्तान और दो चीन के खिलाफ थे। उज़्बेकिस्तान और चीन दोनों ही एशिया की मजबूत टीम हैं और वियतनाम ने उन्हें कड़ी टक्कर दी थी। वियतनाम ने एक मैच जीता और तीन मैच हारे थे।
फीफा रैंकिंग में भारत 67वें जबकि वियतनाम 36वें स्थान पर है। वियतनाम की टीम ने लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार किया है और वह फीफा महिला विश्व कप 2023 में खेल चुकी है। पिछले एशिया कप में वह क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थी।
वियतनाम ने एएफसी महिला एशिया कप में भारत के खिलाफ अपने पिछले दोनों मुकाबले जीते हैं। इन दोनों टीमों के बीच 2003 के बाद इस प्रतियोगिता में कोई मुकाबला नहीं हुआ है।
भारत को उम्मीद है कि वह अपनी क्षमता से कहीं बेहतर प्रदर्शन करेगा और नॉकआउट राउंड में जगह बनाने में सफल रहेगा, जिससे उसे 2027 में होने वाले फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने का मौका मिलेगा।
तीनों ग्रुप में से शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें और तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। क्वार्टर फाइनल के चारों विजेता ब्राजील में 2027 में होने वाले फीफा महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगे।
क्वार्टर फाइनल में हारने वाली टीमें विश्व कप के लिए बाकी बचे दो सीधे स्थानों के लिए प्लेऑफ में खेलेंगी।
वियतनाम के बाद भारत सात मार्च को इसी मैदान पर जापान का सामना करेगा जबकि ग्रुप सी में उसका अंतिम मैच 10 मार्च को सिडनी में चीनी ताइपे के खिलाफ होगा।
भाषा
पंत मोना
मोना
0303 1655 पर्थ