प्रधानमंत्री मोदी आज रात सीसीएस की बैठक की अध्यक्षता करेंगे
नरेश
- 01 Mar 2026, 08:58 PM
- Updated: 08:58 PM
नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानी रविवार रात दिल्ली में सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीएस) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
माना जा रहा है कि यह बैठक अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद पैदा हुई मौजूदा वैश्विक स्थिति और ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के मद्देनजर बुलाई गई है।
एक सूत्र ने कहा, ''प्रधानमंत्री राज्यों के अपने दो दिवसीय दौरे से आज रात दिल्ली लौटने के बाद सीसीएस की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वह संभवत: रात लगभग साढ़े नौ बजे यहां पहुंचेंगे।''
मोदी ने दो दिवसीय दौरे के तहत राजस्थान, गुजरात, तमिलनाडु और पुडुचेरी की यात्रा की।
सीसीएस देश के सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर निर्णय लेने वाला सर्वोच्च निकाय है।
प्रधानमंत्री सीसीएस के अध्यक्ष हैं तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इसके सदस्य हैं।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में पश्चिम एशिया में रहने वाले और फंसे हुए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर चर्चा होने की संभावना है, साथ ही स्थिति बिगड़ने पर उससे निपटने के तरीकों पर भी विचार किया जायेगा।
फिलहाल, पश्चिम एशिया का हवाई क्षेत्र लगभग बंद है।
पश्चिम एशिया में सैन्य तनाव बढ़ने के कारण हवाई सेवाएं बाधित हो गई हैं, जिससे सैकड़ों भारतीय दुबई और अन्य प्रमुख हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं। इनमें से कई लोग सोशल मीडिया पर भारतीय सरकार से सहायता की अपील कर रहे हैं।
ईरान में लगभग 10,000 भारतीय नागरिक जबकि इजराइल में 40,000 से अधिक भारतीय नागरिक रहते हैं। खाड़ी देशों और पश्चिम एशिया में रहने वाले भारतीयों की संख्या लगभग 90 लाख है।
भारत ने अतीत में संघर्षों के बीच पश्चिम एशिया समेत दुनिया के विभिन्न हिस्सों से हजारों भारतीयों को सफलतापूर्वक निकाला है।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा कि पूरे क्षेत्र में भारतीय दूतावास अपने नागरिकों के साथ लगातार संपर्क में हैं और हेल्पलाइन सक्रिय कर दी गई हैं।
इजराइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए बड़े हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई मारे गए। ईरान के सरकारी टेलीविजन और सरकारी समाचार एजेंसी 'इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी' (आईआरएनए) ने 86 वर्षीय खामेनेई के मारे जाने की रविवार तड़के घोषणा की।
ये घोषणाएं अमेरिका और इजराइल की शनिवार से शुरू हुई संयुक्त हवाई बमबारी के बाद की गईं, जिसमें ईरान के सैन्य और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाया गया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इससे ईरानियों को अपने देश का नियंत्रण अपने हाथ में लेने का सबसे बड़ा मौका मिला है।
ट्रंप ने कहा कि भारी और सटीक बमबारी सप्ताह भर या जितने समय तक जरूरी होगी, जारी रहेगी।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश
0103 2058 दिल्ली