छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए बजट में पांच मुख्यमंत्री मिशन का प्रस्ताव
राजकुमार
- 24 Feb 2026, 08:21 PM
- Updated: 08:21 PM
(फोटो के साथ)
रायपुर, 24 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने कहा है कि बजट में पांच नए मिशनों का प्रावधान किया गया है, जिसका उद्देश्य प्रमुख क्षेत्रों में केंद्रित और 'मिशन-मोड' से राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।
चौधरी ने मंगलवार को विधासभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1.72 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया और कहा कि यह बजट समावेशी विकास, बुनियादी ढांचे में तेजी लाने एवं निवेश को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
उन्होंने कहा कि विकास के जिस रफ़्तार की परिकल्पना सरकार ने की है, उसे एक सामान्य वृद्धिदर से प्राप्त नहीं किया जा सकता, इसके लिए आवश्यकता है कि चिह्नित क्षेत्रों में 'मिशन मोड' में काम किया जाए।
उन्होंने कहा, ''इस उद्देश्य से आज हम इस बजट के माध्यम से पांच मिशन शुरू करने जा रहे हैं। प्रत्येक मिशन के लिए हम अगले पांच वर्षों तक प्रतिवर्ष कम से कम 100-100 करोड़ रुपये का प्रावधान करेंगे।''
चौधरी ने बताया कि ये पांच मिशन मुख्यमंत्री एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) मिशन, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन, मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन, मुख्यमंत्री स्टार्ट-अप और निपुण मिशन हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एआई मिशन का उद्देश्य राज्य में एआई मेधा का विकास करना, एआई से संबंधित 'स्टार्टअप' को प्रोत्साहित करना तथा विभिन्न क्षेत्रों में एआई संबंधित अनुसंधान को गति प्रदान करना है।
मंत्री ने कहा ,''आज विश्व में विनिर्माण, सेवाक्षेत्र, सूचना प्रौद्योगिकी और 'ब्लॉकचेन' प्रौद्योगिकी जैसे लहर के बाद एआई की लहर हम सभी देख रहे हैं। हमारे लिए यह एक सुनहरा अवसर है, जब हम अपने एआई मिशन के माध्यम से छत्तीसगढ़ को न केवल देश में बल्कि पूरी दुनिया में एक केंद्र के रूप में स्थापित कर सकते हैं।''
चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन का उद्देश्य राज्य के पर्यटन स्थलों, टूरिस्ट सर्किट्स का विकास और संवर्धन, त्योहारों, मेलों, प्रदर्शनियों की ब्रांडिंग एवं उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पटल पर स्थापित करना है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में खेल-कूद के क्षेत्र की क्षमता और उससे होने वाले सकारात्मक परिणाम को ध्यान में रखते हुए विष्णुदेव साय सरकार ने इस बजट में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन लाने का निर्णय किया है।
उन्होंने कहा कि इस मिशन के कुछ विशेष उद्देश्य रहेंगे, जैसे - प्रतिभाओं का चिन्हांकन और उसे निखारने-तराशने का काम करना, संभाग, जिला और विकासखंड स्तर पर लक्षित खेलों के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना का निर्माण करना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना ।
चौधरी ने बताया कि अधोसंरचना निर्माण विकास की वह बुनियाद है, जिस पर छत्तीसगढ़ सुदृढ़, समावेशी, आधुनिक और भविष्य के लिए तैयार सुविधाएं खड़ी कर रहा है।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन उन प्रयासों और संकल्पों को साकार करेगा, जिसके माध्यम से छत्तीसगढ़ के युवाओं को नौकरी चाहने वाले से नौकरी पैदा करने वाले के रूप में आगे बढ़ने के लिए उत्साहित किया जाएगा।
इस दौरान मंत्री ने बताया कि 2026-27 में राज्य का सकल वित्तीय घाटा 28 हजार 900 करोड़ रुपये अनुमानित है, जिसमें केंद्र से पूंजीगत व्यय के लिए विशेष सहायता ऋण आठ हजार 500 करोड़ शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य का शुद्ध वित्तीय घाटा 20 हजार 400 करोड़ होगा, जो राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का 2.87 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि राज्य की कुल राजस्व प्राप्तियां एक लाख 43 हजार करोड़ रुपये और कुल राजस्व व्यय एक लाख 45 हजार करोड़ रुपये अनुमानित है, इसलिए 2026-27 में कुल दो हजार करोड़ का राजस्व घाटा अनुमानित है।
भाषा संजीव
शफीक राजकुमार
राजकुमार
2402 2021 रायपुर