उत्तराखंड : गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, छह अन्य की तलाश जारी
दीप्ति रवि कांत
- 23 Feb 2026, 09:14 PM
- Updated: 09:14 PM
देहरादून, 23 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के देहरादून में राजपुर रोड पर सिल्वर सिटी सिनेमाज के पास कुछ दिन पहले हुई गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोभाल तथा उत्तराखंड एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने यहां एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि मुख्य आरोपियों सहित छह अन्य वांछितों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।
झारखंड के गैंगस्टर विक्रम शर्मा (50) की 13 फरवरी की सुबह करीब सवा 10 बजे उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी जब वह जिम में कसरत कर बाहर आ रहा था।
शर्मा को दो शूटरों ने नजदीक से तीन गोलियां मारीं जिससे वह लहुलुहान होकर सीढ़ियों पर ही गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी थी। हत्या करने के बाद दोनों शूटर जिम के बाहर मोटरसाइकिल पर इंतजार कर रहे अपने एक साथी के साथ फरार हो गए थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसी जानकारी मिली है कि शर्मा को कथित तौर पर जमशेदपुर निवासी आशुतोष सिंह और विशाल सिंह नामक आरोपियों ने गोलियां मारी जबकि उन्हें मोटरसाइकिल से भगाकर ले जाने वाला आकाश प्रसाद है।
उन्होंने बताया कि यह जानकारी अब तक जुटाए गए साक्ष्यों तथा गिरफ्तार आरोपियों राजकुमार और मोहित उर्फ अक्षत ठाकुर से पूछताछ में मिली है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह भी जानकारी मिली है कि शर्मा की हत्या आशुतोष सिंह ने अपराध की दुनिया में अपना बड़ा नाम बनाने के लिए की।
उन्होंने बताया कि राजकुमार को 19 फरवरी को जमशेदपुर से तथा ठाकुर को सोमवार को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया गया जिन्होंने पूछताछ में बताया है कि शर्मा को मारने की योजना कई महीने पहले बनायी गयी थी, जोकि सफल नहीं हो सकी।
इसके बाद, देहरादून में शर्मा की हत्या किए जाने की योजना बनी और इसके लिए अंकित वर्मा नाम के व्यक्ति ने तीन महीने पहले उसी जिम को ज्वाइन किया जिसमें शर्मा भी जाता था। इसके बाद, आशुतोष, विशाल और आकाश जमशेदपुर से हरिद्वार आए और फिर वहां से देहरादून आकर उन्होंने घटना को अंजाम दिया। घटना वाले दिन अंकित ने ही फोन कर उन्हें शर्मा के जिम में होने की जानकारी दी थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजकुमार ने घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के लिए हरिद्वार में देहरादून आने के लिए ली गयी एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी के किराए का भुगतान किया था। नोएडा के एक निजी विश्वविद्यालय में बीबीए प्रथम वर्ष के छात्र ठाकुर ने आरोपियों के ठहरने और खाने-पीने का इंतजाम किया था।
उन्होंने बताया कि आशुतोष, विशाल, आकाश और अंकित के अलावा जिन दो वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही है, उनमें जमशेदपुर निवासी यशराज तथा सिंहभूम निवासी जितेंद्र कुमार साहू भी शामिल हैं।
यशराज गिरफतार आरोपी राजकुमार का पुत्र है और काले रंग की उस स्कॉर्पियो कार का मालिक है जिसमें बैठकर शूटर और आकाश हरिद्वार से नोएडा पहुंचे थे। जितेंद्र साहू देहरादून में हत्या के दौरान प्रयुक्त की गयी अपाचे मोटरसाइकिल का मालिक है जिसे आरोपियों ने हरिद्वार जाने से पहले देहरादून के सहस्त्रधारा इलाके में छोड़ दिया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में वांछित आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
गैंगस्टर शर्मा का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है तथा शर्मा और उसके साथियों के खिलाफ झारखंड में हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी के अनेक मामले दर्ज हैं तथा हत्या के समय वह जमानत पर बाहर था। उत्तराखंड के बाजपुर में उसका स्टोनक्रशर का व्यवसाय भी चल रहा था।
भाषा
दीप्ति रवि कांत
2302 2114 देहरादून