शांति, दलाई लामा की लंबी उम्र के लिए विशेष प्रार्थनाओं के साथ नया साल 'लोसार' मनाते हैं तिब्बती
सुरेश
- 18 Feb 2026, 09:00 PM
- Updated: 09:00 PM
शिमला/धर्मशाला, 18 फरवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश में तिब्बती समुदाय ने बुधवार को अपना पारंपरिक चंद्र नव वर्ष, लोसार मनाया और विश्व शांति, समृद्धि तथा अपने आध्यात्मिक नेता दलाई लामा के दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना की।
इस वर्ष लोसर 2153 मनाया गया, जिसे अग्नि अश्व वर्ष के रूप में जाना जाता है।
परंपरा के अनुसार, समुदाय के सदस्य सुबह प्रमुख मठों में "विशेष पूजा" के लिए एकत्रित हुए और इसके साथ ही तीन-दिवसीय उत्सव की शुरुआत हुई।
शिमला के बाहरी इलाके पंथाघाटी स्थित थुप्टेन दोरजे ड्रेक मठ में नववर्ष मनाने के लिए बड़ी संख्या में तिब्बती लोग प्रार्थना में शामिल हुए। समुदाय के लिए नववर्ष एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहार है।
मठ के लामा लोपेन लोडोस ने शुभकमानाएं देते हुए कहा, "नये साल के पहले दिन, हमने दीपक जलाया और विश्व शांति के लिए विशेष प्रार्थनाएं कीं, मंत्रों का जाप किया और मानव जाति के कल्याण और हिमाचल प्रदेश की शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।"
इस अवसर पर, धर्मशाला में मुख्यालय वाले केंद्रीय तिब्बती प्रशासन या निर्वासित तिब्बती सरकार के मंत्रिमंडल (काशाग) के प्रमुख सिक्योंग पेनपा त्सेरिंग ने तिब्बत में और बाहर रह रहे समुदाय के सदस्यों को एक संदेश दिया।
त्सेरिंग ने वेबसाइट पर अपलोड किये गए एक बयान में कहा, "हम, निर्वासित तिब्बती, एक ही परिवार के हैं, एक ही भाषा, धर्म, संस्कृति और मातृभूमि, तिब्बत के विशाल और पवित्र पठार को साझा करते हैं। जब हम एकजुट होकर अपनी सामूहिक शक्ति का उपयोग करते हैं, तो ऐसा कुछ भी नहीं है जिसे हम हासिल नहीं कर सकते।"
उन्होंने कहा, "चीनी अधिकारी व्यवस्थित रूप से तिब्बत की विशिष्ट पहचान, भाषा, धर्म, संस्कृति और पर्यावरण को मिटाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसका अंतिम उद्देश्य तिब्बती लोगों को पूरी तरह चीनी स्वरूप में ढालना है। इन कठिनाइयों के बावजूद, तिब्बत के भीतर रहने वाले तिब्बती लोग दृढ़ और निडर बने हुए हैं, और अपनी भाषा, धर्म और सांस्कृतिक विरासत को संजोना और संरक्षित करना जारी रखते हैं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद तिब्बती होने का उनका गौरव और भी मजबूत हुआ है। हम उनके धैर्य और अटूट साहस की गहराई से प्रशंसा करते हैं।"
लोसार दिवस पर, अमेरिकी सीनेटर मार्को रुबियो ने तिब्बती अधिकारों के लिए अमेरिका के समर्थन की पुष्टि की और तिब्बती मुद्दों की देखरेख के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति की घोषणा की।
भाषा
प्रशांत सुरेश
सुरेश
1802 2100 शिमला